BREAKING NEWS
2026-07-24

अस्थि दिव्यांग हिमांशु सोनी ने MPPSC उत्तीर्ण कर डिप्टी कलेक्टर का पद संभाला, पहले दिन जनसुनवाई में शामिल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के अस्थि दिव्यांग हिमांशु सोनी ने एमपीपीएससी की तैयारी घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से की। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और कठिन परिश्रम, अनुशासन तथा दृढ़ संकल्प के बल पर राज्य प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया। उनकी नियुक्ति उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों को अपनी सफलता की राह में बाधा मान लेते हैं।

Advertisement

डिप्टी कलेक्टर हिमांशु सोनी पहले ही दिन व्हीलचेयर पर बैठकर जनसुनवाई में शामिल हुए और अपनी जिम्मेदारी संभाली। जनसुनवाई में उनका पहला दिन इस बात का संकेत था कि वे आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देने वाले अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। उन्होंने कुल 124 आवेदनों पर सुनवाई की और अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हिमांशु अपने संवेदनशील व्यवहार और सकारात्मक सोच के लिए भी पहचाने जाते हैं। अस्थि दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने अपने संघर्ष को सफलता की ताकत बनाया।

हिमांशु सोनी के साथ उनके पिता महेंद्र सोनी भी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और बेटे को डिप्टी कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभालते देख उनकी आंखों में खुशी साफ दिखाई दे रही थी। महेंद्र सोनी ने कहा कि यह उनके परिवार के जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने बताया कि हिमांशु ने कभी अपनी शारीरिक चुनौती को कमजोरी नहीं बनने दिया, बल्कि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया।

महेंद्र सोनी ने युवाओं से कहा कि परिस्थितियां कैसी भी हों, लगातार प्रयास करने वालों के सपने जरूर पूरे होते हैं, और उनके बेटे ने साबित किया कि हौसले के आगे कोई चुनौती बड़ी नहीं होती।