BREAKING NEWS
2026-08-17

श्योपुर में जंगल से अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर हमला, वनकर्मी चोटिल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, श्योपुर।

श्योपुर जिले के खाड़ी वन रेंज इलाके के मोरेका गांव के पास जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। हमलावरों ने टीम को लाठी-डंडों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें बीट गार्ड और वनपाल चोटिल हो गए। इस दौरान एक गाड़ी के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। हमला बढ़ता देख वन विभाग की टीम मौके से भाग खड़ी हुई।

Advertisement

यह घटना उस जंगल में हुई जहां भू-माफिया ने करीब पांच हजार बीघा से ज्यादा जमीन पर पेड़ों को काटकर साफ कर दिया था। आरोपित पेड़ों के कटे हुए तनों को आग लगाकर नष्ट कर रहे थे।

वन विभाग की टीम बुधवार को मौके पर पहुंची थी और मशीन से अतिक्रमणकारियों के अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की थी।

इससे पहले भी, लगभग एक साल पहले, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी इसी जगह अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे थे, तब भी आरोपित माफिया ने टीम पर हमला कर उन्हें खदेड़ दिया था।

रघुनाथपुर थाना प्रभारी एसएस तोमर ने जानकारी दी कि वन विभाग के अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।