BREAKING NEWS
2026-07-29

शिक्षक ने बोतल से पानी पीने पर दलित छात्र को पीटा, मामला दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शिवपुरी।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम उकावल स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में एक शिक्षक पर अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा चार के छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। यह घटना छात्र द्वारा शिक्षक की बोतल से पानी पीने के बाद हुई।

Advertisement

पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। यह घटना सोमवार को हुई थी, जिसके संबंध में पुलिस ने मंगलवार को प्रकरण दर्ज किया।

शिकायत के अनुसार, ग्राम उकावल निवासी राज जाटव के आठ वर्षीय बेटे ने सोमवार को कक्षा में प्यास लगने पर शिक्षक लोकेश शर्मा की टेबल पर रखी उनकी बोतल से पानी पी लिया था। आरोप है कि इस पर शिक्षक ने छात्र को जातिसूचक गालियां दीं और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। शिकायत में यह भी बताया गया है कि घटना के समय कक्षा चार और कक्षा दो का एक-एक छात्र भी मौके पर मौजूद था। पुलिस ने आरोपित शिक्षक के खिलाफ मारपीट और अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एससी-एसटी एक्ट) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।