बुलंद सोच, सीधी।
सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम भेलकी-820 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के सामने पानी से भरे नीले ड्रम में चार दिन की नवजात बच्ची का शव मिला है। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है।
यह नवजात बच्ची पंकज पटेल की पत्नी सोनू पटेल द्वारा 26 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में जन्मी थी। परिवार ने बच्ची का नाम ‘प्रिशा’ रखा था। 28 जुलाई को डॉक्टरों ने मां और बच्ची दोनों को स्वस्थ बताते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के माता-पिता की पहले से लगभग दो वर्ष की एक बेटी है। पिता पंकज पटेल के बड़े भाई की भी दो बेटियां हैं, जिसका अर्थ है कि संयुक्त परिवार में यह चौथी बेटी का जन्म था।
इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि यह मामला केवल दुर्घटना नहीं हो सकता।
हालांकि, अधिकारी स्पष्ट कर रहे हैं कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी और वास्तविक सच्चाई साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आएगी।
चुरहट की थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि नवजात की संदिग्ध मौत के मामले में जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

