BREAKING NEWS
2026-08-14

सीधी में पुलिस ने फांसी लगाने जा रहे 60 वर्षीय व्यक्ति की जान बचाई

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सीधी।

इंसानियत और कर्तव्य का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए चौकी खड्डी पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक व्यक्ति की जान बचा ली। डायल-112 पर ग्राम कोनिया निवासी 60 वर्षीय रामकरण साकेत के घर में फांसी लगाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षक रविंद्र सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था और कई बार आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं आया। आरक्षक रविंद्र सिंह ने देर न करते हुए दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर रामकरण साकेत फंदा लगाने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें आरक्षक ने तत्काल नीचे उतारकर एक संभावित हादसे को टाल दिया।

Advertisement

काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद

रामकरण साकेत को इसके बाद चौकी खड्डी लाया गया। चौकी प्रभारी सउनि नीरज कुमार ने धैर्यपूर्वक उनकी बात सुनी। काउंसलिंग के दौरान यह सामने आया कि पति-पत्नी के आपसी मनमुटाव के कारण रामकरण साकेत ने यह कदम उठाने का प्रयास किया था। पुलिस ने दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर समझाइश दी, जिसके बाद उनका विवाद सुलझ गया और परिवार फिर से एक साथ रहने को तैयार हो गया।

आरक्षक को पुरस्कृत करने की घोषणा

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने आरक्षक रविंद्र सिंह की त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। उन्होंने आरक्षक को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की। पुलिस अधीक्षक कोरी ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस का कार्य केवल कानून लागू करना नहीं है, बल्कि समाज की रक्षा करना भी है।