BREAKING NEWS
2026-07-24

सुप्रीम कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी मार्च में पुलिस कार्रवाई पर तत्काल सुनवाई से इनकार किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दिल्ली।

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मार्च के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया।

वकील नरेंद्र मिश्रा ने चीफ जस्टिस (सीजेआई) सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष मामले का जिक्र करते हुए जल्द सुनवाई की मांग की थी। इस पर सीजेआई ने कहा, “हमारा समय बर्बाद मत कीजिए और अपना समय भी बर्बाद मत कीजिए।”

Advertisement

वकील ने पीठ को बताया कि छात्र नीट परीक्षा सही तरीके से कराने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में सुधार जैसे अहम मुद्दे उठा रहे हैं। इस पर सीजेआई ने उनकी बात बीच में रोकते हुए “बहुत-बहुत धन्यवाद” कहा।

जब वकील ने पुलिस की कथित ज्यादती दिखाने वाले वीडियो मौजूद होने की बात कही, तो सीजेआई ने कहा, “हमें वीडियो में दिलचस्पी नहीं है। हमारे पास वीडियो देखने का समय नहीं है।”

याचिका में दावा किया गया था कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में पुलिस ने छात्रों पर बल प्रयोग किया था।

याचिका में शीर्ष कोर्ट से तत्काल दखल देने का आग्रह किया गया था, हालांकि कोर्ट ने इस मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए इसे तत्काल सूचीबद्ध करने की मांग स्वीकार नहीं की।

इससे पहले मंगलवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इसी तरह के एक मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा था, “कोर्ट को इसमें न घसीटें।”