बुलंद सोच, उज्जैन।

उज्जैन के काल भैरव मंदिर में सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुंबई निवासी मनीष पांचाल और समीर पांचाल ने मंदिर समिति को 10 लाख रुपये कीमत के बैरिकेड्स दान किए हैं। उन्होंने नकद राशि देने के बजाय सीधे बैरिकेड्स तैयार करवाकर मंदिर को भेंट किए।
बैरिकेड्स की पहली खेप रविवार को उज्जैन पहुंची। रात में विधि-विधान से पूजन के बाद इन्हें मंदिर समिति को सौंप दिया गया। बैरिकेड्स सौंपने की प्रक्रिया एसडीएम एलएन गर्ग, पटवारी महेश देपन, मंदिर प्रबंधक संध्या मारकंडे और व्यवस्थापक अनिल बोरासी की मौजूदगी में पूरी हुई।
एसडीएम एलएन गर्ग ने बताया कि फिलहाल 100 बैरिकेड्स मंदिर पहुंच चुके हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि करीब 200 बैरिकेड्स की दूसरी खेप अगले 15 दिनों में मंदिर पहुंचेगी। इन बैरिकेड्स के उपयोग से सावन के दौरान श्रद्धालुओं की कतारों का बेहतर संचालन होगा और दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारु बन सकेगी।

