BREAKING NEWS
2026-08-14

बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ियों में इंदौर के 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय पांचवें दिन भी लापता

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बेंगलुरु।

बेंगलुरु के नेलामंगला स्थित शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रैकिंग के लिए गए इंदौर के 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शुक्रवार सुबह पहाड़ी पर जाने से पहले उन्होंने लगभग 8:30 बजे अपनी मंगेतर से फोन पर बात की थी, जिसके कुछ देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और परिवार से संपर्क टूट गया। अद्वैत परिवार के इकलौते पुत्र हैं; उनके पिता प्रमोद उपाध्याय इंदौर में प्रोफेसर थे और वर्ष 2016 में हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। फिलहाल, परिवार में अद्वैत और उनकी मां ही हैं। अद्वैत लंबे समय से बेंगलुरु में एक फाइनेंस कंपनी में इंजीनियर के तौर पर कार्यरत हैं। अद्वैत की मां ने बेटे के लापता होने के बाद गहन चिंता व्यक्त की है, उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बेटे की चिंता सता रही है और बेंगलुरु पुलिस को जितनी जानकारी है, उतनी ही जानकारी परिवार के पास भी है। उन्होंने यह भी बताया कि वह फिलहाल इस स्थिति में अधिक बात करने में सक्षम नहीं हैं।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि अद्वैत किराए की बाइक से शिवगंगे पहाड़ियों की तलहटी तक पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक एक दुकान के बाहर खड़ी की और पैदल पहाड़ी की ओर चले गए। रास्ते में लगभग 10 सीसीटीवी कैमरों में उन्हें पहाड़ी की तरफ जाते हुए देखा गया, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। रविवार से स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद से पहाड़ी और आसपास के इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
तलाशी अभियान के दौरान रविवार को पुलिस को प्रतिबंधित शांताला पॉइंट के पास अद्वैत का शोल्डर बैग और स्वेटर मिला। इसके बावजूद अद्वैत का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पहाड़ी के खतरनाक और प्रतिबंधित हिस्सों में तलाशी अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, अद्वैत की आखिरी लोकेशन मुजराई विभाग के अंतर्गत आने वाले ईश्वर मंदिर के पास मिली थी। आशंका है कि मंदिर में दर्शन के बाद वह शांताला पॉइंट की तरफ गए होंगे।
शिवगंगे पहाड़ियों का इलाका पथरीला और ऊबड़-खाबड़ है, यहाँ ग्रेनाइट की चट्टानों के बीच संकरे रास्ते और कई जगह खड़ी चढ़ाई है। बारिश में रास्तों पर फिसलन बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस हादसे की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अद्वैत प्रतिबंधित शांताला पॉइंट तक कैसे पहुंचे और वहाँ उनके साथ क्या हुआ। फिलहाल किसी हादसे या अन्य घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
अद्वैत के लापता होने के बाद पुलिस ने उनके घर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री में ऊंचाई से गिरने और मौत से जुड़े कुछ एआई जनरेटेड वीडियो देखे जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या के एंगल को जांच में शामिल किया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि केवल सर्च हिस्ट्री के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता और हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है।
अद्वैत बेंगलुरु के बेगुर इलाके में रह रहे थे। फाइनेंस कंपनी से पहले वे सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल के तौर पर भी काम कर चुके हैं। पुलिस उनके मोबाइल, लैपटॉप, सीसीटीवी फुटेज, आखिरी लोकेशन और पहाड़ी से मिले सामान के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। शिवगंगे पहाड़ियों में बारिश के दौरान ट्रैकिंग जोखिम भरी हो जाती है। पथरीले रास्तों पर फिसलन बढ़ने के साथ कई जगह रास्ते बेहद संकरे हैं। खड़ी चट्टानों और प्रतिबंधित क्षेत्रों के कारण पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को तलाशी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement