BREAKING NEWS
2026-08-14

सीहोर के किसानों ने बिजली समस्याओं पर पेड़ों पर टांगे अफसरों के पुतले

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

बिजली के झूलते तारों और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग पूरी न होने से नाराज किसानों ने सोमवार को अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। छोटी कुलांस में किसानों ने उफनती कुलांस नदी के किनारे और पानी में आधे डूबे खेतों के बीच बिजली कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के पुतले और बैनर टांग दिए।

Advertisement

किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। गांवों में बिजली के तार लंबे समय से झूल रहे हैं और कुलांस खुर्द में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी लंबित है।

ढाबला, रामाखेड़ी, चंदेरी, बरखेड़ी, छोटी कुलांस, बड़ी कुलांस, भांडेली, बरबेली, श्यामपुर, खमरिया और संग्रामपुर के किसान इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

किसानों ने बैनर के जरिए प्रतीकात्मक संदेश दिया कि उनकी आवाज बाढ़ के पानी के साथ मुख्यमंत्री तक पहुंचे। उनका कहना था कि कुलांस नदी आगे भोपाल के बड़े तालाब में मिलती है।

किसानों का यह भी कहना है कि बिजली कंपनी के एमडी कार्यालय और ऊर्जा मंत्री तक ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

भोपाल में बिजली कंपनी की कार्रवाई पर एक उपभोक्ता ने सवाल उठाया है, जिसमें लोड बढ़ाने के लिए रुपये जमा करने के बाद भी चालान जारी करने का आरोप है।