BREAKING NEWS
2026-08-14

बेंगलुरु में लापता इंदौर के अद्वैत का मोबाइल-ड्रोन मिला, लैपटॉप सर्च हिस्ट्री से जांच को नई दिशा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बेंगलुरु।

बेंगलुरु के नेलमंगला स्थित शिवगंगे पहाड़ियों से लापता इंदौर के अद्वैत उपाध्याय का चौथे दिन भी सुराग नहीं लगा। अद्वैत बेंगलुरु के मैत्री लेआउट कडुगोडी में रहने वाले 32 वर्षीय टेक्नोलॉजी प्रोफेशनल थे और इंदौर आने वाले थे।

Advertisement

शुक्रवार को वह किराये की बाइक से ट्रेकिंग पर गए थे। इसके बाद उनका अपनी मंगेतर प्राप्ति चौहान से कोई संपर्क नहीं हुआ और मोबाइल भी बंद हो गया। प्राप्ति ने ही अद्वैत की गुमशुदगी दर्ज करवाई है और कडुगोडी थाना में बयान भी दर्ज कराए हैं।

कडुगोडी और नेलमंगला पुलिस के साथ एसडीआरएफ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज तथा अन्य टीमें शिवगंगे की दुर्गम पहाड़ियों में अद्वैत की तलाश कर रही हैं। पहाड़ी के उन हिस्सों को भी ड्रोन और दूसरे उपकरणों से स्कैन किया जा रहा है, जहां पहुंचना मुश्किल है।

पुलिस के मुताबिक, अद्वैत अपने साथ मोबाइल फोन और ड्रोन कैमरा लेकर गया था। जांच में सामने आया कि अद्वैत के लापता होने के समय उसका मोबाइल और ड्रोन शांतला ड्रॉप इलाके में पड़े मिले।

पुलिस को शक है कि किसी दूसरे व्यक्ति ने मौके से उसका मोबाइल उठाया हो सकता है। मोबाइल कुछ समय तक चालू रहा और बाद में बंद हो गया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अद्वैत के गायब होने के वक्त वहां कोई और व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

जांच की दिशा बदली

जांच के दौरान पुलिस ने अद्वैत का लैपटॉप उसके घर से बरामद किया, जिससे जांच की दिशा बदल गई। लैपटॉप में शिवगंगे पहाड़ी से जुड़ी कई सर्च मिली हैं।

इनमें पहाड़ी की ऊंचाई, शांतला ड्रॉप तक कैसे पहुंचें और वहां चढ़ने का रास्ता जैसी जानकारी शामिल है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या अद्वैत ने पहाड़ी से गिरने के संभावित परिणामों के बारे में भी जानकारी जुटाई थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक एआई टूल पर कथित तौर पर ऐसी जानकारी सर्च की गई थी कि किसी व्यक्ति के पहाड़ी से गिरने के बाद वह कितनी देर तक जिंदा रह सकता है और गिरने के क्या परिणाम हो सकते हैं।

इन डिजिटल सुरागों के बाद पुलिस आत्महत्या की आशंका को भी जांच के एक एंगल के तौर पर देख रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावनाओं की जांच जारी है।

निजी जीवन और अन्य संदिग्ध पहलू

पुलिस ने अद्वैत की निजी जिंदगी की भी जांच शुरू की है। उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से पता चला है कि वह कई युवतियों के संपर्क में था और उनके साथ मैसेज का आदान-प्रदान भी करता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि अद्वैत की एक गर्लफ्रेंड थी, जबकि उसकी सगाई किसी दूसरी युवती से हुई थी और परिवार शादी की तैयारियां भी कर रहा था।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या अद्वैत अपनी मंगेतर से शादी करने को लेकर इच्छुक नहीं था और क्या यह उसकी गुमशुदगी से जुड़ा कोई कारण हो सकता है।

बताया गया है कि अद्वैत के अचानक संपर्क से बाहर होने के बाद उसकी मंगेतर ने उसे कई बार फोन किया था। पुलिस को एक शक यह भी है कि अद्वैत कहीं खुद ही तो गायब नहीं हुआ है।

उसके स्वजन खुलकर कुछ बोल नहीं रहे हैं, लेकिन उन्होंने भी पुलिस से इस बिंदु पर जांच करने का आग्रह किया है।

हैकिंग कनेक्शन और अंतिम गतिविधियां

टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बेहद प्रतिभाशाली माने जाने वाले अद्वैत के बारे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसका हैकिंग या साइबर सिक्योरिटी से जुड़ी किसी गतिविधि में कोई कनेक्शन था।

इसके लिए उसके डिजिटल डिवाइस और कम्युनिकेशन रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन, ट्रेडिंग और इंटरनेट कॉलिंग की भी जानकारी जुटाना शुरू कर दी है।

जानकारी मिली है कि अद्वैत संभवतः 4 अगस्त को ट्रेकिंग से पहले ही शिवगंगे पहुंच गया था, जबकि उसने प्राप्ति को 7 अगस्त की फोटो भेजी थी।

पुलिस को एक अन्य पर्यटक द्वारा खींची गई अद्वैत की एक तस्वीर भी मिली है, जिसमें वह कथित तौर पर पहाड़ी की चोटी पर दिखाई दे रहा है। पुलिस इस फोटो और अन्य तकनीकी सबूतों के जरिए उसकी आखिरी गतिविधियों और मूवमेंट का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

शांतला ड्रॉप सबसे अहम स्थानों में से एक बना हुआ है। यह इलाका बेहद खड़ी और दुर्गम पहाड़ियों के लिए जाना जाता है, इसी कारण यहां सर्च ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण है।

पुलिस और बचाव दल पहाड़ी के संकरे और गहरे हिस्सों की भी तलाश कर रहे हैं।