BREAKING NEWS
2026-07-24

अकबरपुर में अवैध उत्खनन: सर्वे क्रमांक तीन की भूमि के सीमांकन के निर्देश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के कोलार इलाके में दानिश हिल्स व्यू कॉलोनी के रहवासियों द्वारा अकबरपुर की शासकीय भूमि पर अवैध उत्खनन, पहाड़ी और पेड़ों की कटाई के आरोप लगाए जाने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर अकबरपुर सर्वे क्रमांक तीन की भूमि का अब सीमांकन कराया जाएगा। एसडीएम के नेतृत्व में संबंधित विभागों की टीम गठित कर जांच और कार्रवाई की जा रही है।
अपर कलेक्टर सुमित पांडे ने बताया कि दानिश हिल्स व्यू के रहवासियों की शिकायत पर सीमांकन के लिए टीम का गठन किया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। नवदुनिया ने अकबरपुर में अवैध उत्खनन के इस मामले को प्रमुखता से उठाया था।
दानिश हिल्स व्यू कॉलोनी के रहवासी राघवेंद्र सिंह सेंगर, प्रशांत जैन, अमित शर्मा, राहुल सिंह, अनुप श्रीवास्तव और विकास खंडेलवाल सहित अन्य रहवासियों ने आरोप लगाया था कि सर्वे क्रमांक तीन की जमीन पर मशीनों से लगातार पहाड़ की खोदाई की जा रही है। रहवासियों के अनुसार, पहाड़ी को समतल करने के नाम पर बड़ी संख्या में हरे-भरे पेड़ों को नुकसान पहुंचाया गया। विरोध करने पर मशीन संचालकों से अनुमति और दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैध स्वीकृति प्रस्तुत नहीं की गई।
इलाके में बिना अनुमति प्लाटिंग की गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। रहवासियों ने वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई है, क्योंकि यह क्षेत्र बाघों के भ्रमण क्षेत्र के रूप में जाना जाता है, जहां मोर, हिरन सहित अन्य वन्यजीव पाए जाते हैं। पहाड़ी कटाई और मशीनों के शोर से वन्यजीवों के प्रभावित होने की संभावना है।
रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया था कि मौके पर चल रही मशीनों पर पंजीकरण नंबर तक अंकित नहीं थे। उन्होंने एनजीटी, वन विभाग और पर्यावरण मंत्रालय के पूर्व निर्देशों का हवाला देते हुए भूमि सीमांकन और विस्तृत जांच की मांग की थी। इसी बीच पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फोटो व वीडियो रिकार्ड किए। मामले की जानकारी वन विभाग और जिला प्रशासन को दी गई। अब कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम के नेतृत्व में राजस्व, वन, खनिज और अन्य संबंधित विभागों की टीम सीमांकन और जांच करेगी।

Advertisement

राताताल में अवैध उत्खनन जांच पर सवाल

राताताल स्थित रोजीवे गांव में समतलीकरण की अनुमति की आड़ में हुए कथित अवैध उत्खनन मामले में खनिज विभाग की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि 15 एकड़ जमीन से बड़े पैमाने पर कोपरा निकालकर बाजार में बेचा गया, लेकिन जांच रिपोर्ट में कथित खनन कारोबारियों के नाम शामिल नहीं किए गए।
जानकारी के अनुसार, खनिज निरीक्षक सुचि माथुर की रिपोर्ट में शेखर पवार और शैलेंद्र भदौरिया के नाम नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि जमीन मालिक किसान हरिचरण पर 40 लाख 40 हजार रुपये की रायल्टी और पेनल्टी प्रस्तावित की गई है।
इस मामले में दो पोकलेन मशीन जब्त की गई थीं, जबकि 12 डंपरों को छोड़े जाने को लेकर भी विवाद है। जिला खनिज अधिकारी मेहताब सिंह रावत ने डंपर छोड़े जाने की जानकारी नहीं होने की बात कही है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए खनिज उपलब्धता जरूरी है और नियमों के तहत अनुमति दी जाती है।