BREAKING NEWS
2026-07-29

अनूपपुर में अजगर ने शिक्षक को पानी में खींचा, तलाश जारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, अनूपपुर।

अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम क्योंटार स्थित सोन नदी के दूधिया घाट पर मछली पकड़ने गए एक शिक्षक को अजगर द्वारा जकड़कर पानी में खींच ले जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देर शाम तक शिक्षक का कोई पता नहीं चल सका।
शहडोल निवासी 45 वर्षीय महेंद्र रैदास जैतहरी के शासकीय मॉडल स्कूल में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। वे ग्राम मुर्रा में किराए के मकान में रहते हैं। रविवार को महेंद्र रैदास एक अन्य युवक के साथ मछली पकड़ने के लिए ग्राम क्योंटार स्थित सोन नदी के दूधिया घाट गए थे।
महेंद्र और उनके साथ मौजूद युवक ने अजगर के चंगुल से उन्हें छुड़ाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते अजगर महेंद्र को पानी के अंदर खींच ले गया, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।

Advertisement

बचाव अभियान

साथ मौजूद युवक ने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जैतहरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और पानी में शिक्षक की तलाश शुरू की।
रविवार देर शाम तक अभियान चलाए जाने के बावजूद शिक्षक का कोई पता नहीं चल सका।

क्षेत्र में भय का माहौल

स्थानीय लोगों के अनुसार, दूधिया घाट क्षेत्र में लंबे समय से एक विशाल अजगर का विचरण है। पूर्व में भी इस अजगर द्वारा कई मवेशियों का शिकार किए जाने की बात सामने आती रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और शिक्षक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।