बुलंद सोच, भिंड।
नयागांव थाना अंतर्गत मंगलवार शाम कूलर ठीक करते समय करंट लगने से 62 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी 62 वर्षीय तौफीक खान पुत्र नवाब खान मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने घर में कूलर की मरम्मत कर रहे थे। बताया गया कि कूलर का तार बिजली बोर्ड में लगा हुआ था। इसी दौरान वे तार का छिला हुआ हिस्सा अपने मुंह से साफ करने का प्रयास कर रहे थे। अचानक बिजली का प्रवाह शुरू हो गया और वे करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही तौफीक खान अचेत होकर गिर पड़े। स्वजन उन्हें तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्वजनों ने बताया कि तौफीक खान अहमदाबाद में मजदूरी का काम करते थे और करीब आठ दिन पहले ही अपने घर नयागांव लौटे थे।
वह अपने पीछे पुत्र इरफान खान और पत्नी जुबैदा बेगम सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

