बुलंद सोच, भिंड।

भिंड के आलमपुर थाना अंतर्गत बेलमा गांव में सोमवार दोपहर एक दंपती ने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन दोनों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 32 वर्षीय सुरेंद्र कौरव और उनकी पत्नी राधा कौरव के रूप में हुई है।
घटना के बाद से सुरेंद्र के पिता अरविंद कौरव के भी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने से मामला और उलझ गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्वजनों के अनुसार, सोमवार शाम सुरेंद्र के पिता अरविंद कौरव घर से यह कहकर निकले थे कि वे खेत में बनी कोठी पर पानी की मोटर बंद करने जा रहे हैं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। स्वजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस भी अरविंद की तलाश कर रही है और उनके लापता होने को घटना से जोड़कर विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
दंपती अपने पीछे एक चार वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद राधा के मायके पक्ष के लोग बेलमा पहुंचे। सोमवार शाम ही वे बच्चे को अपने साथ अंधियारी गांव ले गए। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
स्वजनों के मुताबिक, सुरेंद्र का परिवार आर्थिक रूप से संपन्न था। परिवार पर किसी तरह के कर्ज या आर्थिक परेशानी की जानकारी सामने नहीं आई है। मृतक के पिता के पास 20 बीघे से अधिक जमीन बताई गई है, जबकि उनकी मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। सुरेंद्र दो बहनों का इकलौता भाई था, जिनकी शादी हो चुकी है। ऐसे में दंपती ने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर स्वजन भी हैरान हैं।
सूचना मिलने पर आलमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिस कमरे में दंपती ने जहर खाया था, उसे सील कर दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी आलमपुर, सोहनीश तोमर ने बताया कि दंपती की मौत के मामले में जांच की जा रही है। घटना के बाद से मृतक का पिता भी लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। कमरे को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

