BREAKING NEWS
2026-08-06

क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर भोपाल के ज्वेलर से 1.20 लाख की साइबर ठगी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगों ने न्यू मार्केट के एक ज्वेलर से 1.20 लाख रुपये की ठगी की है। यह मामला सामने आने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, शास्त्री नगर, न्यू मार्केट निवासी अनु एकांश अग्रवाल ज्वेलरी का कारोबार करते हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के लिए बैंक से संपर्क किया था। इसके दो दिन बाद, 31 जुलाई को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने की प्रक्रिया समझाई। बातचीत के दौरान ठग ने सत्यापन के नाम पर ओटीपी मांगा। ओटीपी साझा करते ही उनके क्रेडिट कार्ड से 1.20 लाख रुपये का ट्रांजैक्शन हो गया। रकम कटने का मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक से अपना कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपित की तलाश कर रही है।

Advertisement