बुलंद सोच, इंदौर।
अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में फिलहाल कारोबार अस्थिर बना हुआ है। ऊंचे दामों पर निवेशकों की लेवाली सुस्त रहने से मंगलवार को सोने की कीमतों में आंशिक कमजोरी देखी गई।
कामेक्स पर सोना वायदा 3 डॉलर टूटकर 4055 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता रहा। वहीं, चांदी में निवेशकों की मजबूत पकड़ के चलते चांदी वायदा 74 सेंट बढ़कर 58.93 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
भारतीय बाजार और इंदौर के भाव
भारतीय बाजार में उपभोक्ता ग्राहकी फिलहाल अपेक्षित स्तर पर नहीं है।
विदेशों में सोने की कमजोरी के कारण इंदौर में भी सोना केडबरी 200 रुपये टूटकर 141600 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोमवार को सोना 141800 रुपये पर बंद हुआ था।
चांदी चौरसा 200 रुपये सुधरकर 220700 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। सोमवार को चांदी 220500 रुपये पर बंद हुई थी।
फेडरल रिजर्व और निवेशकों का रुख
जानकारों के अनुसार, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने के बाद सोने की खरीद-बिक्री एक सीमित दायरे में हो रही है।
पॉलिसी स्टेटमेंट में सख्त रुख अपनाया गया और तीन एफओएमसी सदस्यों ने ब्याज दरें बढ़ाने के पक्ष में वोट दिया।
दरों को अपरिवर्तित रखने के बावजूद, फेड ने भविष्य के पॉलिसी कदमों के समय के बारे में कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है, जिससे निवेशक ‘वेट एंड वॉच’ का नजरिया अपना रहे हैं।
कामेक्स वायदा कारोबार
कामेक्स वायदा पर सोना 4055 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4072 डॉलर और नीचे में 4042 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया।
चांदी 59.93 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 58.16 डॉलर और नीचे में 57.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
इंदौर के बंद भाव
इंदौर में सोने के बंद भाव इस प्रकार रहे: सोना केडबरी रवा नकद में 141600 रुपये, सोना आरटीजीएस में 142100 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त), तथा सोना 22 कैरेट 130200 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त)।
चांदी के बंद भाव में चांदी चौरसा 220700 रुपये, आरटीजीएस 216700 रुपये, चांदी टंच 221300 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2550 रुपये (प्रति नग) बोले गए।

