बुलंद सोच, भोपाल।
राजधानी में हरियाली बचाने के दावों के बीच सामने आए दो मामलों ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में पौधरोपण का ठेका लेने वाली कंपनी ने बिना अनुमति 66 पेड़ काट दिए, लेकिन उसके खिलाफ सिर्फ 3.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दूसरे मामले में पटेल नगर स्थित सेंट मान्टफोर्ट स्कूल के सामने वर्षों पुराने हरे-भरे पेड़ों पर आरी चला दी गई, लेकिन जिम्मेदार एजेंसी और परियोजना की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई।
स्टेट डेयरी फार्म क्षेत्र में अवैध कटाई
स्टेट डेयरी फार्म क्षेत्र में नगर निगम की उद्यान शाखा ने अर्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी को 10 हजार पौधे लगाने का टेंडर जारी किया था। पौधे लगाने के लिए इस क्षेत्र में झाड़ियों की साफ-सफाई की जानी थी। हालांकि, ठेकेदार ने झाड़ियों के साथ सालों से खड़े पेड़ों को भी काट दिया। निगम की उद्यान शाखा द्वारा की गई जांच में कुल 66 पेड़ बिना अनुमति काटे जाना सामने आया, जिनमें 60 बबूल, पांच खेजड़ी और एक पलाश शामिल थे। नगर निगम ने कंपनी पर 3.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और काटे गए पेड़ों की संख्या से दोगुना यानी 660 औषधीय पौधे लगाकर तीन वर्ष तक उनका संरक्षण करने के निर्देश दिए। कुछ दिन पहले निगमायुक्त ने टीएल बैठक में बिना अनुमति पेड़ काटने वालों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अर्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है, जो निगम की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बताया कि स्टेट डेयरी फार्म की जगह पर काटे गए पेड़ों के लिए निगम ने संबंधित एजेंसी पर 3.30 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि बबूल पेड़ों के बदले में दस गुना औषधीय पौधे भी लगाए जाएंगे।
पटेल नगर में पेड़ों की कटाई पर विवाद
बुधवार को पटेल नगर में एक निजी स्कूल के सामने सड़क किनारे लगे कई पुराने पेड़ों की कटाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मौके पर न तो किसी परियोजना का बोर्ड लगाया गया और न ही यह बताया गया कि पेड़ों की कटाई किस एजेंसी द्वारा कराई जा रही है। बुधवार तक 100 से अधिक पेड़ों की कटाई की जा चुकी थी। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, पटेल नगर में पेड़ों की कटाई एनएचएआई के प्रोजेक्ट के लिए की गई है। हालांकि, पेड़ों की कटाई के दौरान निगम का कोई भी अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद नजर नहीं आया। आयुक्त संस्कृति जैन ने पुष्टि की कि पटेल नगर में एनएचएआई के प्रोजेक्ट के लिए पेड़ों की कटाई की गई है।
वृहद पौधरोपण योजना
भोपाल में डेढ़ लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें से 25 हजार का रोपण आज होगा। निगम 5 साल में काटे गए 17,989 पेड़ों की भरपाई करेगा।

