बुलंद सोच।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं की सेकंड बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्रों का परिणाम जारी कर दिया है। छात्र केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in के माध्यम से अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
इस परीक्षा में कुल 96.78% छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। CBSE 10वीं मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद लगभग 6.7 लाख छात्रों ने दूसरी बोर्ड परीक्षा में भाग लेने के लिए आवेदन किया था।

CBSE ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड किसी भी छात्र की रैंक या टॉपर सूची जारी नहीं करेगा। बोर्ड का कहना है कि इसका उद्देश्य छात्रों पर प्रतिस्पर्धा का दबाव कम करना है।
हालांकि, जिन छात्रों ने विभिन्न विषयों में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया होगा, उन्हें मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। ये सर्टिफिकेट सेकंड बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद DigiLocker के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।

जो छात्र मुख्य परीक्षा में एक या दो विषय में असफल घोषित किए गए थे, उन्हें दूसरी बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम 33% अंक प्राप्त करना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, जो छात्र दूसरी बोर्ड परीक्षा में असफल होंगे, वे अगले साल बोर्ड परीक्षा में शामिल होकर अपने अंकों में सुधार कर सकते हैं।
CBSE ने कक्षा 10वीं के लिए सेकंड बोर्ड परीक्षा 2026 से ही शुरू की है। इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को उसी शैक्षणिक वर्ष में अपना प्रदर्शन सुधारने का एक और अवसर प्रदान करना है। यह व्यवस्था सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की सिफारिशों के अनुरूप लागू की गई है।

UPTET 2026: 2 से 4 जुलाई तक परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग 2 से 4 जुलाई तक उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आयोजन करेगा। इस परीक्षा में 16 लाख उम्मीदवार शामिल होंगे और मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया जाएगा।
आयोग ने परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।

