BREAKING NEWS
2026-07-29

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारतीय एथलीट ट्रैक एंड फील्ड में उतरेंगे, वेटलिफ्टिंग में तीन पदक की उम्मीद

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सोमवार को भारतीय एथलीट पहली बार ट्रैक एंड फील्ड में अपनी चुनौती पेश करेंगे। मेंस हाई जंप फाइनल में तेजस्विन शंकर, सर्वेश कुशारे और जे. आदर्श राम पदक के लिए उतरेंगे। वेटलिफ्टिंग में ज्ञानेश्वरी यादव, बिंद्यारानी देवी और वी. अजया बाबू से भारत को पदक मिलने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, भारतीय खिलाड़ी बॉक्सिंग, स्विमिंग, पैरा एथलेटिक्स, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स, लॉन बॉल्स और व्हीलचेयर बास्केटबॉल में भी प्रतिस्पर्धा करते दिखेंगे।

Advertisement

एथलेटिक्स में भारत की उम्मीदें

एथलेटिक्स में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद मेंस हाई जंप फाइनल में होगी, जहां तेजस्विन शंकर, सर्वेश कुशारे और जे. आदर्श राम रात 11:40 बजे पदक के लिए उतरेंगे। तेजस शिर्से दोपहर 3:55 बजे 110 मीटर हर्डल्स हीट्स दौड़ेंगे और क्वालिफाई करने पर रात 2:15 बजे फाइनल में भी खेलेंगे। मेंस 100 मीटर हीट्स में गुरिंदरवीर सिंह दोपहर 2:40 बजे चुनौती पेश करेंगे। मुरली श्रीशंकर और लोकेश सत्यानाथन दोपहर 3 बजे लॉन्ग जंप क्वालिफाइंग में उतरेंगे।

वेटलिफ्टिंग में पदक की संभावना

रविवार को मीराबाई चानू और ऋषिकांत सिंह के पदक जीतने के बाद सोमवार को भी भारत की नजरें वेटलिफ्टिंग पर टिकी रहेंगी। शाम 5:30 बजे महिला 53 किग्रा वर्ग के फाइनल में ज्ञानेश्वरी यादव चुनौती पेश करेंगी। इसके बाद रात 8:00 बजे महिला 58 किग्रा वर्ग के फाइनल में बिंद्यारानी देवी उतरेंगी। वहीं, रात 12:30 बजे पुरुष 79 किग्रा वर्ग के फाइनल में वी. अजया बाबू अपना दम दिखाएंगे। ये तीनों खिलाड़ी सीधे पदक इवेंट में उतरेंगे।

बॉक्सिंग में भारतीय मुक्केबाजों की चुनौती

बॉक्सिंग में भारत के चार मुक्केबाज रिंग में उतरेंगे। शाम 4:45 बजे मेंस 60 किग्रा वर्ग के राउंड-ऑफ-16 में सचिन सिवाच का मुकाबला इंग्लैंड के विलियम हेविट से होगा। इसके बाद शाम 6:00 बजे मेंस 80 किग्रा वर्ग के राउंड-ऑफ-16 में अंकुश का सामना एंटीगुआ एंड बारबुडा के जलान जान से होगा। रात 10:30 बजे विमेंस 51 किग्रा वर्ग के राउंड-ऑफ-16 में साक्षी चौधरी, बोत्सवाना की लेथाबो मोडुकानेल के खिलाफ उतरेंगी। वहीं, रात 1:00 बजे मेंस 70 किग्रा वर्ग के राउंड-ऑफ-16 में सुमित कुंडू का मुकाबला नॉर्दर्न आयरलैंड के जॉन मैककॉनेल से होगा।

अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का कार्यक्रम

स्विमिंग में साजन प्रकाश दोपहर 3:00 बजे मेंस 200 मीटर बटरफ्लाई हीट्स में उतरेंगे, और क्वालिफाई करने पर वह रात 1:44 बजे होने वाले फाइनल में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में प्रतिष्ठा सामंता शाम 6:15 बजे महिला वॉल्ट फाइनल में भारत की ओर से पदक की दावेदार होंगी। पैरा एथलेटिक्स में रात 11:35 बजे महिला शॉटपुट F57 फाइनल में शर्मिला ढांकर और शिल्पा के. शायला उतरेंगी। इसके बाद रात 1:57 बजे पुरुष 100 मीटर T38 फाइनल में राकेशभाई भट्ट और श्रेयांश त्रिवेदी ट्रैक पर अपनी चुनौती पेश करेंगे। महिला व्हीलचेयर 3×3 बास्केटबॉल में भारतीय टीम शाम 7:30 बजे नाइजीरिया से भिड़ेगी। लॉन बॉल्स में रात 10:05 बजे पुरुष सिंगल्स सेक्शनल प्ले मुकाबले में पुतुल सोनोवाल का सामना केन्या के अनवर हमादा से होगा।