बुलंद सोच।
आज से संसद के मानसून सत्र का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है। विपक्षी दल सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे। उनके पास दिल्ली में छात्रों पर बलप्रयोग और अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे ज्वलंत मुद्दे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन खत्म होने के बाद विपक्ष सोमवार से युवाओं पर लाठीचार्ज के सवाल पर गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग उठाएगा। श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा भी विपक्ष के एजेंडे में है। वहीं, सरकार ने भी विपक्ष पर पलटवार के लिए तैयारी कर ली है।
राष्ट्रमंडल खेल
स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स लगातार चर्चा में है। राष्ट्रमंडल खेल 2026 के चौथे दिन भारत ने ग्लास्को में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। इसी के साथ भारत के मौजूदा राष्ट्रमंडल खेल में कुल चार पदक हो गए हैं। चौथे दिन भारोत्तोलकों का दबदबा देखने मिला। भारोत्तोलक मुथुपांडी ने रजत पदक जीता, जबकि जादूमणि ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को हराया।
अन्य प्रमुख राष्ट्रीय घटनाक्रम
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को आज मेदांता अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। उन्हें सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद वह लद्दाख रवाना होने से पहले महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राजघाट जाएंगे। उनकी टीम ने यह जानकारी दी। वांगचुक ने शुक्रवार देर रात अपना 26 दिन का अनशन समाप्त किया था, जिसके बाद से वह गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और उससे जुड़ी हिंसा के बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक, भड़काऊ पोस्ट और वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किए गए ऐसे कंटेंट की पहचान कर संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं और उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस 2500 चेहरों को खंगाल रही है। पुलिस ने कहा कि केस वापस होंगे, लेकिन साजिश की जांच जारी रहेगी।
ज्योतिर्मयी नायक ने रविवार को इंडियन आइडल 16 का खिताब अपने नाम कर लिया है। ग्रैंड फिनाले में जीत की ट्रॉफी के साथ उन्हें सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की तरफ से 20 लाख का कैश प्राइज मिला। सिंगिंग रियलिटी शो के इस 16वें सीजन के टॉप 3 फाइनलिस्ट मनराज वीर सिंह, ज्योतिर्मयी नायक और तनिष्क शुक्ला रहे, और अंत में ज्योतिर्मयी नायक ने बाजी मारी। तनिष्क पहले रनरअप रहे और मनराज दूसरे रनरअप बने।
भारत का पहला स्वदेशी पोर्टेबल एंटी-ड्रोन सिस्टम तैयार हो चुका है। यह दुश्मन ड्रोन का पता लगाकर निष्क्रिय करने में सक्षम है। यह सिस्टम पांच किलोमीटर दूर तक ड्रोन का पता लगाकर तीन किलोमीटर तक सिग्नल जाम कर सकता है।
बच्चों की मौतों से जुड़े जहरीले कफ सिरप मामलों के बाद केंद्र सरकार ने दवा उद्योग पर सख्ती बढ़ा दी है। दिसंबर 2022 से अब तक 1,040 से अधिक दवा निर्माण इकाइयों की जांच की गई, जिनमें से 950 से ज्यादा पर कार्रवाई हुई। 1,100 से अधिक कफ सिरप कंपनियों का विशेष ऑडिट कराया गया।
नीट-यूजी पेपर लीक विवाद और परीक्षाओं में धांधली के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने छह विशेषज्ञों की एक हाई-पावर टास्क फोर्स का गठन किया है, जिसकी कमान नंदन नीलेकणि की टीम संभालेगी।
नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान उमर खालिद की रिहाई की मांग वाले पोस्टर दिखाए जाने पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सख्त हो गए हैं। रविवार को उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के नाम पर राज्य में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने विवाह संस्था और लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि विवाह केवल सामाजिक रस्म नहीं, बल्कि ऐसा अनुशासन है जो व्यक्ति को धर्म, जिम्मेदारी और परिवार के प्रति कर्तव्य का बोध कराता है। इसके विपरीत, लिव-इन रिलेशनशिप की वास्तविकता अब पूरी दुनिया के सामने आ चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय समाचार
स्लोवानिया के साइक्लिस्ट ताडेज पोगाकर ने रिकॉर्ड पांचवीं बार टूर डी फ्रांस का खिताब जीता। इस शानदार जीत के साथ उन्होंने बेल्जियम, स्पेन और फ्रांस के दिग्गजों की सूची में जगह बना ली है।
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। ममदानी ने कहा था कि यदि नेतन्याहू संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क आते हैं तो उन्हें युद्ध अपराधों के आरोपों में गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और इसरो के संयुक्त उपग्रह निसार के डाटा ने एक चौंकाने वाली खबर दी है। बीते महीने वेनेजुएला में आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। कराकस और ला गुएरा शहर में जमीन 60 सेंटीमीटर (दो फीट) तक खिसक गई है। इस उपग्रह डेटा का इस्तेमाल राहत कार्यों में मदद के लिए पहली बार इतने बड़े पैमाने पर किया गया है। निसार की ‘अर्जेंट रिस्पॉन्स’ प्रणाली ने बेहद तेजी से काम किया। वैज्ञानिक इस आंकड़े के आधार पर तबाही की मुख्य वजह समझ रहे हैं।
जर्मनी के बर्लिन प्राइड समारोह के पास हुए संदिग्ध इस्लामी चरमपंथी आतंकी हमले में एक महिला की मौत और 29 लोग घायल हो गए। मुख्य आरोपी अब्दुल बल्लाउट को लगभग 24 घंटे बाद पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। जांच में सामने आया कि वह पहले आईएस में शामिल होने की कोशिश कर चुका था और आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों में दोषी भी ठहराया जा चुका था।

