बुलंद सोच, कटनी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कटनी में संगठन के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में कहा कि दतिया की जनता ने प्रदेश की जनता की सोच को वोट में उतारा है।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल वाहवाही लूट रही है और उसने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। जनता ने दतिया चुनाव के दौरान सरकार को सत्ता से बेदखल करके इसी का जवाब दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने जोर देकर कहा कि यह स्पष्ट है कि जनता ने कांग्रेस संगठन पर विश्वास जताया है।
उन्होंने बताया कि दतिया में 50 करोड़ रुपये खर्च करने और 20 मंत्रियों की ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद जनता ने उन्हें नकार दिया।
पटवारी ने कहा कि संगठन को जमीन स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि वह जल्दी ही कटनी में फिर से आएंगे और कटनी के हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से अलग-अलग संवाद करेंगे, जिसके माध्यम से संगठन को जमीन स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।
शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी को ब्लॉक और मंडलम स्तर तक मजबूत करने के लिए संबोधित किया।
दतिया उपचुनाव में मिली जीत के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनसे मुलाकात करने पहुंचे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन उच्च सुरक्षा के बीच किया जा रहा है और अंदर सूची में शामिल नाम के आधार पर ही गेट से प्रवेश सुनिश्चित किया गया है।
