BREAKING NEWS
2026-08-07

जीतू पटवारी का दतिया प्रशासन पर निशाना, एसपी-कलेक्टर को बताया जनता से छोटा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद किला चौक पर आयोजित धन्यवाद सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंच से पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर पर सत्तारूढ़ दल को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी जनता से बड़े नहीं हो सकते। पटवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “सुन लो एसपी और कलेक्टर, तुमने मुख्यमंत्री से ठेका लिया था जिताने का, जनता से बड़े हो गए क्या?”

Advertisement

पटवारी के अन्य आरोप

उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव के दौरान प्रशासन ने निष्पक्षता नहीं बरती। हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस उदाहरण सार्वजनिक रूप से नहीं दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि पीतांबरा माई सब देख रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने अहंकार और आतंक की राजनीति को देखा है और लोकतंत्र में जीत जिम्मेदारी देती है, अहंकार नहीं। पटवारी ने व्यापारियों की सुरक्षा और जिले में गुंडागर्दी नहीं होने देने की बात भी कही। उन्होंने कहा दतिया में माई विराजमान है, वह सब देख रही हैं, यह सब लोग उनसे बढ़कर थोड़ी हैं, इसीलिए माई की कृपा कांग्रेस और घनश्याम सिंह को मिली।

अन्य नेताओं के बयान

सभा में नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह ने अपेक्षाकृत संयमित स्वर अपनाया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं को कोई असाधारण नेता नहीं मानते। उन्होंने यह भी कहा कि वे कई चुनाव जीते हैं और हारे भी हैं। घनश्याम सिंह ने कहा कि राजनीति काजल की कोठरी होती है, इसमें जो घुसता है उस पर कुछ न कुछ दाग लगते हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सिंघार ने कहा कि दतिया की जनता ने ऐसे व्यक्ति को चुना है जो आतंक की राजनीति नहीं करता।