बुलंद सोच, दतिया।
दतिया उपचुनाव के अंतिम चरण में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। मंगलवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि उपचुनाव प्रचार के दौरान दतिया की जनता का अभूतपूर्व स्नेह और सहयोग मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि 30 जुलाई को भी दतियावासी विकास के लिए मतदान करेंगे।
खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि भाजपा केवल विकास की बात करती है और यह उपचुनाव भी दतिया में विकास के मुद्दे पर लड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दतिया में हजारों करोड़ की लागत से बनने वाले डिफेंस पार्क से स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा, जिसकी चिंता भाजपा कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने, झूठे आरोप लगाने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। खंडेलवाल के अनुसार, कांग्रेस अपनी हार से बौखला गई है, जिसके कारण पार्टी के नेता अनर्गल आरोप लगाने में लगे हैं और हारने के बाद ईवीएम पर दोष मढ़ेंगे।
खंडेलवाल ने कहा कि दतिया में ढाई साल तक विकास अवरुद्ध रहा, लेकिन किसी कांग्रेस नेता का इस पर कोई बयान या जवाब सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को जनता के विकास की नहीं, बल्कि सत्ता की चिंता है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा दतिया को एक बार फिर विकास की राह पर आगे बढ़ाएगी।
प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बताया और कहा कि वे सेवक बनकर जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने दतियावासियों से आशुतोष तिवारी को वोट देकर ऐतिहासिक जीत दिलाने का आह्वान किया, ताकि ढाई वर्षों से रुके हुए दतिया के विकास का पहिया फिर से तेजी से आगे बढ़ सके।
खंडेलवाल ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि यह चुनाव केवल भाजपा की जीत का नहीं, बल्कि दतिया के विकास का है। उन्होंने भाजपा के कार्यकाल में दतिया में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया, जिनमें मेडिकल कॉलेज, आधुनिक हवाई अड्डा, पशु चिकित्सा कॉलेज, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ, आधुनिक शिक्षा संस्थान, सुदृढ़ सड़क नेटवर्क, सिंचाई परियोजनाएँ और औद्योगिक विकास शामिल हैं।
खंडेलवाल ने बताया कि आने वाले समय में दतिया में हजारों करोड़ रुपये की लागत से डिफेंस पार्क की स्थापना भी प्रस्तावित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का पूरा चुनाव अभियान केवल भ्रम फैलाने, झूठे आरोप लगाने और नकारात्मक राजनीति पर आधारित रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए खंडेलवाल ने कहा कि पटवारी लगातार अपनी संभावित हार का ठीकरा चुनाव आयोग, प्रशासन और अन्य संस्थाओं पर फोड़ते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दतिया की जनता के अधिकारों को छीना है और उनकी लंबी सरकारों के दौरान प्रदेश व दतिया का बंटाढार ही हुआ है। उन्होंने ऐसी गलती न दोहराने का आग्रह किया।
सवालों का जवाब देते हुए खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का दल है, जहाँ कार्यकर्ताओं को अवसर मिलता है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि उसके पास विकास का कोई दृष्टिकोण और संगठन में एकजुटता होती, तो उसके वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक चुनाव मैदान छोड़कर नहीं जाते। उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि यह दर्शाता है कि कांग्रेस न तो संगठित है, न जवाबदेह है और न ही दतिया के भविष्य के प्रति गंभीर है।
खंडेलवाल ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी दतिया के ही निवासी हैं और उन्होंने कई जिम्मेदारियाँ संभाली हैं, जिससे वे दतिया के विकास को आगे ले जाने में सक्षम हैं।
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का तंज
इस दौरान पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में “राजा” के पास “राज्य” नहीं है और “पटवारी” के पास कोई “हल्का” नहीं है, इसलिए वे कुछ भी आरोप लगाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि दतिया का विकास या भला केवल भाजपा और उसके प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ही कर सकते हैं।
डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति केवल व्यक्ति विशेष और एक परिवार तक ही सीमित है, और वे कभी जनता का भला नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछले ढाई वर्षों में भी दतिया के लोगों के अधिकार एवं विकास कार्यों को रोका है, जिसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और मीडिया के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी भी मंचासीन रहे।

