BREAKING NEWS
2026-07-31

दतिया उपचुनाव: राजपरिवार ने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को कांग्रेस ने शहर में जनआशीर्वाद यात्रा निकाली। यह यात्रा सीता सागर तालाब से शुरू होकर किला चौक पहुंची, जहां कांग्रेस ने एक आमसभा का आयोजन किया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और उसके नेताओं पर राजनीतिक हमले किए। मंच से दिग्विजय सिंह ने कई वरिष्ठ नेताओं का हाथ पकड़कर उन्हें चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की कसम दिलाई। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को जयवर्द्धन सिंह अपने साथ लेकर पहुंचे, और भारती ने भी सभा को संबोधित किया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दतिया के हित में हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। यात्रा और सभा में पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, मांडवीराजे, अवधेश नायक, जिलाध्यक्ष अशोक दांगी, महामंत्री नरेंद्र गुर्जर सहित पार्टी के कई नेता शामिल हुए।

Advertisement

आदर्श आचार संहिता की शिकायत

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी आदर्श आचार संहिता से जुड़ी शिकायत लेकर न्यू कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से रिटर्निंग ऑफिसर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने, मतदान से पहले बाहरी कार्यकर्ताओं को क्षेत्र से बाहर करने और सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की गई।

राजपरिवार ने खोला मोर्चा

दतिया उपचुनाव में उस समय एक नया मोड़ आ गया जब दतिया राजपरिवार के दूसरे पक्ष ने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। राजपरिवार की राजमाता हेमलता और राहुल गोविंद देव सिंह ने एक संयुक्त पत्रकार वार्ता कर दतिया की जनता से भावनात्मक अपील की। राजपरिवार के सदस्यों ने कहा कि यह दतिया की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा, गौरव, संस्कृति और सदियों पुरानी राजपरंपराओं के सम्मान की रक्षा की निर्णायक परीक्षा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजपरिवार और वर्तमान उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी ने राजपरिवार की मर्यादाओं को तोड़ा है। उन्होंने यह भी प्रश्न किया कि ऐसे जनप्रतिनिधि दतिया विधानसभा क्षेत्र की जनता के मान-सम्मान को कैसे सुरक्षित रख सकेंगे। राहुल देव सिंह और राजमाता हेमलता ने उनके साथ हुए दुर्व्यवहार, षड्यंत्र और संपत्ति विवाद को लेकर गंभीर खुलासे किए।