BREAKING NEWS
2026-07-25

दिल्ली में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 45 कंपनियां तैनात

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नई दिल्ली।

कॉकरोच जनता पार्टी और विभिन्न राजनीतिक दलों के विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर केंद्र सरकार दिल्ली में बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। दिल्ली पुलिस की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों की 45 कंपनियों को तैनात करने की मंजूरी दी है। ये सभी 45 कंपनियां फिलहाल 27 जुलाई तक दिल्ली में तैनात रहेंगी। सीएपीएफ की इन कंपनियों को सभी प्रकार के अत्याधुनिक दंगा रोधी उपकरणों, ओपी स्केल आर्म्स और गोला बारूद से लैस रहने के निर्देश दिए गए हैं।

बल संरचना और भूमिका

सीआरपीएफ की 24, आरएएफ की 15, बीएसएफ की 3, आईटीबीपी की 1 और एसएसबी की 2 कंपनियां दिल्ली पहुंच चुकी हैं। इनमें से तीस कंपनियों को भेजने के आदेश पहले ही जारी किए गए थे। कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद अतिरिक्त कंपनियों को दिल्ली बुलाया गया है। केंद्रीय बलों में सीआरपीएफ और आरएएफ की सबसे ज्यादा तैनाती की गई है, इनकी कुल 39 कंपनियां तैनात हैं। ये कंपनियां दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कानून व्यवस्था की स्थिति को संभालेंगी।

Advertisement

हिंसक प्रदर्शनों पर सख्ती

प्रदर्शनों में हो रही हिंसक घटनाओं के मद्देनजर सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब विरोध प्रदर्शन करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। पिछले तीन दिन में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पें देखने को मिली हैं। वाहनों में तोड़फोड़ के अलावा पत्थरबाजी की घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन चल रहा है।

मेट्रो स्टेशनों पर असर

कानून व्यवस्था की स्थिति के चलते नई दिल्ली में गुरुवार को 16 मेट्रो स्टेशन भी अस्थायी तौर से बंद कर दिए गए हैं। ये मेट्रो स्टेशन बुधवार को भी बंद किए गए थे।

विभिन्न राज्यों से बुलाई गई कंपनियां

बुधवार को सीआरपीएफ की 9 कंपनियां छत्तीसगढ़ से, 3 कंपनियां झारखंड से, 5 मध्य प्रदेश से और 1 कंपनी ओडिशा से बुलाई गई थी। इसी तरह, आरएएफ के पश्चिम सेक्टर से चार कंपनियों को दिल्ली के लिए रवाना किया गया था। दक्षिण सेक्टर से भी आरएएफ की दो कंपनियां दिल्ली बुलाई गई हैं।