बुलंद सोच, उज्जैन।

उज्जैन की नानाखेड़ा पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो इंस्टाग्राम पर हनीट्रैप कर युवकों का अपहरण करता था, उनके साथ मारपीट कर आपत्तिजनक वीडियो बनाता था और फिर मोटी फिरौती वसूलता था। 20 जुलाई 2026 को ग्राम नरवर निवासी 29 वर्षीय हैदर पटेल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हैदर पटेल के अनुसार, इंस्टाग्राम पर अंजली नाम की युवती ने नौकरी के बहाने उनसे दोस्ती की और मिलने के लिए बुलाया। मिलते ही मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा और उसके साथियों ने हैदर पटेल का अपहरण कर लिया, उनके साथ मारपीट की और आपत्तिजनक वीडियो बनाए। आरोपियों ने हैदर पटेल को झूठे केस में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती का सौदा 26 लाख रुपये में तय हुआ, जिसके बाद हैदर पटेल के पिता से 10 लाख रुपये लेने के बाद उन्हें छोड़ा गया। हालांकि, आरोपियों द्वारा शेष 16 लाख रुपये की मांग जारी रही। इस मामले में नानाखेड़ा थाने में अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 308(6), 61(2), 115(2), 351(3), 3(5) के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।
पुलिस कार्रवाई और खुलासा
उज्जैन एसपी के निर्देश पर एएसपी पश्चिम गुरुप्रसाद पाराशर और सीएसपी नानाखेड़ा श्वेता गुप्ता के नेतृत्व में टीआई नरेंद्र कुमार यादव की टीम ने तकनीकी और साइबर जांच की। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गिरोह पहले ऐसे लोगों की जानकारी जुटाता था जिनके पास हाल ही में पैसा आया हो। इस मामले में इदरीश पटेल ने हैदर पटेल की इंस्टाग्राम आईडी और उनकी आर्थिक स्थिति की जानकारी गिरोह को दी थी, जिसके बाद अंजली ठाकुर ने हनीट्रैप कर उन्हें अपने जाल में फंसाया। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि गिरफ्तार आरोपियों में पीड़ित हैदर पटेल का भांजा इदरीश भी शामिल है, जिसके माध्यम से ही गिरोह को यह जानकारी मिली थी।
गिरफ्तार और फरार आरोपी
गिरफ्तार किए गए 10 आरोपियों में उज्जैन के मक्सी रोड निवासी मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा, इंगौरिया निवासी राजपाल सिंह राठौड़, अंतीपुरा निवासी पंकज बमोरिया, तिरुपति धाम निवासी यशवंत देवड़ा और आर्यन राठौर शामिल हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में पिपलिया डाबी निवासी लखन पंवार, नरवर निवासी इदरीश पटेल, बदरखा निवासी इमरान उर्फ राजा पटेल और जयसिंह चौहान, तथा भैरूनाला निवासी आयुष जाटवा शामिल हैं। इस मामले में अभी भी पंवासा निवासी दीपक राजपूत और भोपाल निवासी अंजली ठाकुर (हनीट्रैप करने वाली युवती) फरार हैं। पुलिस इन दोनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

