BREAKING NEWS
2026-07-25

इंदौर में चार आत्महत्या के मामले सामने आए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आत्महत्या के चार मामले सामने आए हैं। संबंधित थाना पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी मामले में सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Advertisement

आजाद नगर थाना क्षेत्र में गुरुवा नगर निवासी दुर्गेश (23) पुत्र अशोक गिरवाल का शव बुधवार रात करीब 12:30 बजे किराए के मकान में फंदे पर लटका मिला। सबसे पहले उसके मामा ने उसे देखा, जिसके बाद परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि दुर्गेश प्लंबर का काम करता था।

दुर्गेश अपनी मां और भाई के साथ बड़वानी में रिश्तेदारी में शोक कार्यक्रम में शामिल होने गया था और बुधवार दोपहर ही इंदौर लौटा था। रात में उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि खाना बन रहा है। इसके बाद परिवार सो गया था। देर रात मामा के घर पहुंचने पर इस घटना का पता चला।

परिजनों के मुताबिक, दुर्गेश पहले राऊ स्थित एक चॉकलेट कंपनी में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात गायत्री से हुई थी। दोनों ने करीब पांच महीने पहले घर से भागकर कोर्ट मैरिज की थी। पिछले दो महीने से गायत्री अपने मायके रंगवासा में रह रही थी और दोनों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का मानना है कि इसी तनाव के चलते दुर्गेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। दुर्गेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उसके पिता गैस एजेंसी में काम करते हैं।

छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रिम्जा (30) पुत्री शंकर ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने उसका शव फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, रिम्जा का काफी समय पहले तलाक हो चुका था। उसके माता-पिता की बीमारी के कारण पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।

उसकी एक बहन भोपाल में रहती है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अकेलेपन और अवसाद के कारण उसने यह कदम उठाया। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वह अपने माता-पिता के मकान में किराएदार रखकर मिलने वाली आय से अपना खर्च चलाती थी।

खजराना थाना क्षेत्र के राजीव नगर निवासी अजहर (26) पुत्र जहीरुद्दीन शेख ने भी बुधवार शाम अपने घर में फांसी लगा ली। उसका छोटा भाई घर पहुंचा तो उसे फंदे पर लटका पाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अजहर लंबे समय से बेरोजगार था और इसी कारण मानसिक तनाव में रहता था।

उसके पिता स्कूल के बच्चों की वाहन सेवा चलाते हैं। परिवार में मां हैं, जबकि बहन की शादी हो चुकी है।

पटेल नगर निवासी 27 वर्षीय अभिषेक मनोहर लाल चौहान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसकी पत्नी साधना ने उसके विरुद्ध शिकायत कर दी थी। पुलिस ने अभिषेक को बयान के लिए बुलाया था। वह थाने गया और लौटकर फांसी लगा ली।

स्वजन ने बताया कि अभिषेक एयरपोर्ट पर टैक्सी चलाता था। साधना टैक्सी काउंटर पर ही नौकरी करती थी। दोनों की दोस्ती हुई और मई में शादी कर ली। कुछ दिनों बाद ही विवाद शुरू हो गया और साधना ने एरोड्रम थाना में अभिषेक के विरुद्ध शिकायत कर दी थी।

मंगलवार को पुलिस ने अभिषेक को बयान के लिए बुलाया था। उसने पुलिस को बताया कि साधना स्वजन से अलग करना चाहती है और संयुक्त परिवार से अलग होकर मायके के समीप ही मकान लेकर रहने को बोल रही है। पुलिसकर्मियों ने अभिषेक को बताया था कि साधना ने प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है तथा उसके साथ दुर्व्यवहार हुआ था। अभिषेक के बड़ा भाई खाना के बारे में पूछने गया तो दरवाजा नहीं खुला।