बुलंद सोच।
देश में प्रभावशाली महिलाओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। एक वर्ष में इनकी संख्या 21 प्रतिशत बढ़कर 117 पर पहुंच गई है, जिनकी कुल संपत्ति 39 लाख करोड़ रुपये है। यह राशि फिनलैंड के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) से भी अधिक है, जिसका अनुमानित आकार लगभग 32 लाख करोड़ रुपये है।
स्वयं के दम पर बनीं 84% महिलाएं
इन प्रभावशाली महिलाओं में से लगभग 84 प्रतिशत (98) ने अपने दम पर यह मुकाम हासिल किया है। यह संख्या विरासत में संपत्ति पाने वाली महिलाओं की तुलना में पांच गुना से अधिक है।
कैंडेरे हुरुन इंडिया वुमन लीडर्स सूची
बृहस्पतिवार को जारी 2026 की कैंडेरे हुरुन इंडिया वुमन लीडर्स सूची में कुल 12 श्रेणियों को शामिल किया गया है। इस सूची में किरण मजूमदार-शॉ और रोशनी नाडर मल्होत्रा जैसी प्रमुख उद्यमियों के साथ-साथ खेल, कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं भी शामिल हैं।
सबसे युवा और सबसे उम्रदराज
पैरा तीरंदाज शीतल देवी, जिनकी आयु 19 वर्ष है, सूची में सबसे युवा प्रभावशाली महिला हैं। वहीं, 86 वर्षीय दिग्गज उद्यमी रजनी बेक्टर सबसे उम्रदराज महिला के रूप में शामिल हैं।
शहरों के अनुसार वितरण
मुंबई 26 प्रभावशाली महिलाओं के साथ इस सूची में शीर्ष पर है। दूसरे स्थान पर दिल्ली है, जहां की 21 महिलाओं ने सूची में जगह बनाई है। बंगलूरू 16 महिलाओं के साथ तीसरे, गुरुग्राम 6 महिलाओं के साथ चौथे और पुणे 5 महिलाओं के साथ पांचवें स्थान पर है।
2025 से तुलना
हालांकि, 2025 के मुकाबले मुंबई में प्रभावशाली महिलाओं की संख्या में 12 की कमी आई है, जबकि दिल्ली में यह संख्या 8 बढ़ी है।

