बुलंद सोच, बदनावर।
धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हनुमंत्या के गांव बावड़िया में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान तीखीपाड़ा निवासी गलजी पिता दयाराम मकवाना भील (45) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे ग्राम बावड़िया में किसी बात को लेकर गलजी का गांव के ही विष्णु पिता सोमा भाभर और भेरू पिता सोमा भाभर से विवाद हो गया था।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोटें लगने के कारण गलजी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बदनावर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बदनावर भेजा गया तथा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी मृतक के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो वारदात के बाद से फरार हो गए हैं।
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है, जबकि रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

