BREAKING NEWS

बालाघाट में घर में सो रही 45 वर्षीय महिला को बाघ ने मार डाला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, बालाघाट।

बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के बफर जोन से लगे ग्राम पर्रापुर बैगाटोला में शनिवार रात एक बाघ के हमले में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
रात करीब डेढ़ बजे जंगल से भटककर एक बाघ घर में घुस आया और सोते समय ही महिला सुगनी बाई पति बुधराम धुर्वे पर हमला कर उसे मुंह में दबाकर बाहर ले जाने लगा।
अचानक हुए हमले और शोर से परिवार के लोग जाग गए। उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू किया और टार्च जलाकर बाहर निकले। बताया गया कि बाघ घर के पास ही दलदल में फंस गया था। लोगों की आवाज और हलचल से घबराकर बाघ महिला को वहीं छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
परिजन सुगनी बाई को उठाकर रात करीब तीन बजे बैहर के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएमओ डा. अनंत लिल्हारे ने बताया कि महिला के सिर पर बाघ ने गंभीर हमला किया था, जिससे सिर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
मृतका के घर में दरवाजे नहीं लगे थे। घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग की टीम को दी गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Advertisement

ग्रामीणों में दहशत और वन विभाग की अपील

इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पर्रापुर बैगाटोला बफर जोन के जंगल से सटा हुआ गांव है। पिछले कुछ महीनों से इस क्षेत्र में बाघ और तेंदुए के घरों के आसपास देखे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
ग्रामीणों का कहना है कि रात में खुले में सोना और अकेले जंगल की ओर जाना अब मुश्किल हो गया है।
वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की बात कही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि रात में घरों के दरवाजे बंद रखें, बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ें और जंगल की ओर न जाएं।
प्रशासन ने मृतका के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा भी दिया है।
इस हादसे ने एक बार फिर जंगल और मानव बस्तियों के बीच बढ़ते संघर्ष को उजागर कर दिया है। बफर जोन में रहने वाले लोग अब रात होते ही सहमे रहते हैं।