बुलंद सोच, गुना।
गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में एक किसान के घर से लगभग 4.50 करोड़ रुपये की चोरी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
बदमाश घर में रखी एक तिजोरी उठा ले गए, जिसमें लगभग ढाई किलो सोना, दो किलो चांदी के आभूषण और करीब 11.60 लाख रुपये नकद रखे थे।
फरियादी बाबूलाल मीना ने बताया कि रविवार देर रात लगभग ढाई बजे बदमाश घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। उस समय वह और उनकी पत्नी एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका छोटा बेटा दूसरे कमरे में था।
बदमाशों ने बेटे के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और दो मंजिला मकान में रखी तिजोरी लेकर फरार हो गए। जाते समय वे घर में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चोरी कर ले गए।
बाबूलाल मीना के अनुसार, तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 4.50 करोड़ रुपये है। उन्होंने यह भी बताया कि चांदी के अधिकांश आभूषण पुराने थे और उनका नियमित उपयोग नहीं होता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अलग-अलग टीमें आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश कर रही हैं।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और चोरी गए सामान के मूल्य का भी सत्यापन किया जा रहा है।
गुना पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि बदमाश घर से तिजोरी उठा ले गए हैं, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी होने की जानकारी मिली है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। चोरी गए सामान और उसकी वास्तविक कीमत का भी सत्यापन किया जा रहा है।

