बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर के महाराजपुरा और मुरार क्षेत्र में पांच लोग साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। इन पांचों घटनाओं में वायुसेनाकर्मी के साथ हुई ठगी सबसे बड़ी है।
वायुसेनाकर्मी के साथ 2.26 लाख की ठगी
महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन में पदस्थ सुनील बंसल के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि आईसीआईसीआई के क्रेडिट कार्ड पर ‘वेलकम बोनस’ मिला है। उसने सुनील बंसल को एक लिंक भेजी, जिस पर क्लिक कर उन्होंने अपनी पूरी जानकारी भर दी। इसके बाद उन्होंने ओटीपी भी डाल दिया। इस प्रक्रिया के बाद उनके खाते से तीन बार में कुल 2.26 लाख रुपये निकल गए।
अन्य साइबर ठगी की घटनाएं
महाराजपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दीनदयाल नगर निवासी अरविंद श्रीवास के मोबाइल पर भी एक अंजान लिंक आई। इस लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 32,214 रुपये निकल गए।
भिंड रोड स्थित आश्रय ग्रीन सिटी के निवासी देवकुमार गुप्ता ने अपना मोबाइल चार्ज पर लगाया था। सुबह जब उन्होंने मोबाइल देखा, तो उनके खाते से करीब 67 हजार रुपये निकल चुके थे। इस दौरान उनके मोबाइल पर न तो कोई मैसेज आया और न ही कोई कॉल।
मुरार थाना क्षेत्र में हरदेव की टाल के पास रहने वाले माताप्रसाद राठौर का मोबाइल हैक हो गया। मोबाइल हैक होने के बाद उनके खाते से 1.18 लाख रुपये की निकासी हो गई।
मुरार स्थित जमुनादाई का मोहल्ला निवासी अनवर पुत्र नवाब कुरैशी के खाते से भी 40 हजार रुपये निकल गए।

