बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर में चार पहिया गाड़ियों पर हूटर लगाकर रौब झाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य, भाजपा नेता और चिकित्सक तक की गाड़ी से हूटर उतारा और उन पर जुर्माना लगाया।
कार्रवाई के दौरान पहली बार ट्रैफिक थाना प्रभारी से लेकर एसआई, एएसआई, हवलदार और सिपाही तक के मोबाइल बंद करा दिए गए थे, जिससे कोई सिफारिश न कर सके।
चालान काटने के बाद जुर्माना भरने पर ही वाहनों को छोड़ा गया।
बगैर पात्रता के हूटर लगाकर घूम रहे 11 वाहन चालकों को पकड़ा गया, जिनसे 33 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसके अतिरिक्त, अन्य यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
एएसपी सुजावल जग्गा ने ट्रैफिक थाना प्रभारी धनंजय शर्मा, अभिषेक रघुवंशी और केपीएस तोमर को निर्देश दिए थे, जिसके बाद शाम को चार घंटे तक 12 चौराहों पर चेकिंग की गई।
गोला का मंदिर इलाके में चेकिंग के दौरान एक कार चालक की गाड़ी पर हूटर लगा था और कांच पर ब्लैक फिल्म भी चढ़ी थी। चालक ने खुद को ग्वालियर में ही पदस्थ एक महिला निरीक्षक का रिश्तेदार बताया।
चालक ने महिला निरीक्षक से बात कराने का प्रयास किया और निरीक्षक ने भी खुद फोन लगाए, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण गाड़ी नहीं छूट सकी। चालान होने के बाद ही गाड़ी को छोड़ा गया।
दूसरे विभागों के अधिकारियों ने भी फोन किए। माननीयों ने भी झांसी रोड और कंपू इलाके में चल रही चेकिंग में वाहन छोड़ने के लिए फोन किए।

