BREAKING NEWS
2026-08-10

2.14 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में 74 वर्षीय कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

क्राइम ब्रांच ने गुजरात में मेडिकेयर कंपनियों की डीलरशिप और डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने का प्रलोभन देकर मोटी रकम ऐंठने के मामले में 74 वर्षीय कंपनी डायरेक्टर मनोहरलाल गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गुप्ता और उनके सहयोगियों ने फरियादी से गुजरात क्षेत्र की डीलरशिप देने के नाम पर बड़ी रकम ली, लेकिन न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप प्रदान की और न ही मूल रकम वापस की। पुलिस ने जांच के उपरांत धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

शिकायत का विवरण

डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के अनुसार, गुजरात के झालोद, जिला दाहोद निवासी कमलेश अग्रवाल ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। कमलेश अग्रवाल ने बताया कि इंदौर की मेसर्स आईएचएल मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड और इन्फुटेक हेल्थकेयर लिमिटेड के डायरेक्टर आदित्य गुप्ता और मनोहरलाल गुप्ता ने उन्हें गुजरात क्षेत्र की डीलरशिप देने का प्रलोभन दिया था। इसके एवज में कमलेश से दोनों कंपनियों के नाम पर 50-50 लाख रुपये, यानी कुल एक करोड़ रुपये जमा करवाए गए। शिकायत के मुताबिक, जुलाई 2022 तक आरोपियों ने डिस्ट्रीब्यूटर मार्जिन मनी के नाम पर 28.50 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद न तो मार्जिन मनी प्रदान की गई, न व्यापार के लिए माल उपलब्ध कराया गया और न ही जमा की गई मूल रकम लौटाई गई। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। डीसीपी के अनुसार, जांच में ठगी का कुल आंकड़ा 2.14 करोड़ रुपये पाया गया है।

Advertisement

जांच प्रक्रिया

क्राइम ब्रांच ने शिकायत की जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट, लेजर और पत्राचार सहित अन्य दस्तावेज खंगाले। जिला अभियोजन कार्यालय से विधिक राय प्राप्त करने के बाद, पुलिस ने प्रथमदृष्टया धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला पाया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मनोहरलाल गुप्ता को गिरफ्तार किया। मनोहरलाल गुप्ता जानकीनगर एक्सटेंशन, भंवरकुआं क्षेत्र में रहते हैं और संबंधित दोनों कंपनियों के डायरेक्टर तथा मुख्य संचालक के रूप में कार्य करते हैं।