BREAKING NEWS
2026-07-29

इंदौर जिला कोर्ट में पकड़ाया फर्जी वकील, आठवीं पास युवक लड़ रहा था केस

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर जिला कोर्ट में एक आठवीं पास युवक को वकील की वेशभूषा में अदालत में उपस्थित होते हुए पकड़ा गया। वकीलों को संदेह होने पर उसे अभिभाषक संघ कार्यालय लाया गया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, युवक वकील के रूप में कोर्टों में घूम रहा था और मामलों में उपस्थित भी हो रहा था। वकीलों को उस पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने उसे अभिभाषक संघ कार्यालय लाकर पूछताछ की।

पूछताछ में युवक की पहचान धर्मेंद्र राठौर के रूप में हुई। पता चला कि वह केवल आठवीं पास है। राठौर ने यह भी बताया कि वह हाई कोर्ट में पदस्थ एक शासकीय अधिवक्ता का जूनियर है।

इंदौर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राकेश पाल और सचिव धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि युवक को एमजी रोड पुलिस के हवाले कर दिया गया है। गौरतलब है कि इंदौर अभिभाषक संघ ने कुछ दिन पहले ही जिला न्यायालय में नकली वकीलों के विरुद्ध एक अभियान शुरू किया है। संघ को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग, जो वकील नहीं हैं, वे वकील की वेशभूषा पहनकर जिला कोर्ट में घूमते हैं।

अध्यक्ष पाल ने आगे बताया कि राठौर ने सोशल मीडिया पर हाई कोर्ट के फोटो लगा रखे थे, जिनमें वह अधिवक्ता की पूर्ण वेशभूषा में नजर आ रहा था। इसके बाद अभिभाषक संघ ने पुलिस से बात कर राठौर को पुलिस के हवाले कर दिया।