बुलंद सोच, भोपाल।

उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2024-25 के अंतर्गत संचालित गांव की बेटी एवं प्रतिभा किरण योजना के तहत छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाली छात्राओं को राहत देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार, अब पात्र छात्राएं 1 अगस्त तक स्कॉलरशिप पोर्टल 2.0 के माध्यम से नवीन और नवीनीकरण दोनों प्रकार के आवेदन कर सकेंगी।
इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित थी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई छात्राएं निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर सकी थीं, जिसे देखते हुए समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस कदम से अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सकेगा।
विभाग ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्राप्त आवेदनों का समय पर सत्यापन किया जाए और छात्रवृत्ति राशि के भुगतान की प्रक्रिया भी निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। विभाग ने छात्राओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या के कारण वे योजना के लाभ से वंचित न रहें।
उल्लेखनीय है कि इस छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्राओं को ₹5,000 सालाना राशि प्रदान की जाती है।

