बुलंद सोच, इंदौर।

शहर के उभरते कलाकार गौरव दवे ने अंगदान कर चार लोगों को नया जीवन प्रदान किया। डॉक्टरों द्वारा ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद सोमवार सुबह 8:04 बजे उनका दिल एयरलिफ्ट कर अहमदाबाद भेजा गया। अहमदाबाद में यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती एक 24 वर्षीय युवक में गौरव का दिल प्रत्यारोपित किया गया। उनका लिवर और दोनों किडनी चोइथराम अस्पताल में भर्ती 22 और 52 वर्षीय दो महिलाओं में प्रत्यारोपित की गईं। गौरव की आंखों का कॉर्निया शंकरा आई अस्पताल में दान किया गया। इन अंगदानों के लिए इंदौर में 68वीं बार ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया।
एक्टर बनने का सपना और बीमारी
स्वजन के अनुसार, गौरव ने एक्टर बनने का सपना देखा था, लेकिन मस्तिष्क की दुर्लभ बीमारी ‘मोयामोया’ के कारण यह सपना अधूरा रह गया। 13 जुलाई को ब्रेन हेमरेज के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सर्जरी हुई। सर्जरी के बाद भी उन्हें आराम नहीं मिला, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया।
अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि
अंगदान के बाद सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ गौरव का अंतिम संस्कार किया गया। डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मां कविता दवे और पिता सतीश दवे की आंखों से अश्रु की धारा बह उठी।
बॉलीवुड और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छाप
गौरव दवे ने 2021 में विक्की कौशल और सारा अली खान की फिल्म ‘जरा हटके जरा बचके’ में कास्टिंग कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभाई थी। उन्होंने ‘बड़ा नाम करेगा’, ‘सुमन इंदौरी’ और ‘रिवोल्यूशनरी’ वेब सीरीज में कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में भी काम किया। तेलुगु फिल्म ‘माय हीरो’ में उन्होंने पर्यटक की भूमिका निभाई और ‘वीडियो गेम स्कैम’ वेब सीरीज में बतौर अभिनेता काम किया था।

