बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में राऊ पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश जन्मदिन की पार्टी में केक काटने से पहले हथियारों का प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से चार देशी पिस्टल, एक देशी रिवाल्वर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के अनुसार, पुलिस ने इन आरोपितों को केट रोड पर गश्त के दौरान पकड़ा। पुलिस रात में शैडो एरिया और हॉट स्पॉट की जांच कर रही थी, तभी आरोपितों की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिसकर्मियों को देखकर आरोपित घबरा गए, जिसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपितों की पहचान ऋषभ (निवासी पलसीकर कॉलोनी महू), रितेश पंवार (निवासी नयापुरा रंगवासा राऊ), प्रेम उर्फ शुद्धोधन (निवासी बड़ा बाजार राऊ) और सुमित उर्फ रोनी प्रजापत (निवासी सेठी नगर महूनाका) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने हथियार एक थैली में छिपा रखे थे। वे जन्मदिन की पार्टी में हथियारों का प्रदर्शन कर रौब दिखाने की तैयारी में थे। पुलिस अब इन आरोपितों के इंटरनेट अकाउंट्स, बैंक ट्रांजेक्शन और मोबाइल कॉल डिटेल की भी जांच कर रही है, साथ ही अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

