BREAKING NEWS
2026-08-14

सतना के शासकीय विद्यालय में छात्रों से गिट्टी ढुलवाने का मामला, जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सतना।

सतना जिले के रामपुर बघेलान ब्लॉक स्थित शासकीय विद्यालय त्योंधरा क्रमांक-1 में छात्रों से गिट्टी ढुलवाने का मामला सामने आया है।

Advertisement

मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में स्कूली बच्चे सड़क पर पड़ी गिट्टी को फावड़े और तगाड़ी की मदद से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो दिन पुराना है। वीडियो में कुछ छात्र सड़क पर मौजूद गिट्टी को फावड़े से तगाड़ी में भरते और फिर तगाड़ी में भरी गिट्टी को दूसरी जगह ले जाते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद यह मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने इसका संज्ञान लिया।

सलोनी शर्मा ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि छात्रों से गिट्टी उठवाने का निर्देश किसके स्तर से दिया गया था। साथ ही, घटना के समय विद्यालय में कौन-कौन से शिक्षक मौजूद थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।

शिक्षा विभाग यह भी जांच करेगा कि बच्चों को निर्माण सामग्री हटाने के काम में क्यों लगाया गया और इसके पीछे क्या वजह थी। जांच में छात्रों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई प्रभावित होने से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने कहा, “अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। इस पूरे मामले की बीईओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच अधिकारी स्कूल पहुंचकर वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों, मौके की स्थिति और संबंधित शिक्षकों से जानकारी ले सकते हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में जिम्मेदारी तय होगी।”