BREAKING NEWS
2026-08-14

चंद्रावतीगंज रेलवे ओवरब्रिज टेंडर स्वीकृत, 45 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर की रेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जो सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़ा है। चंद्रावतीगंज रेलवे फाटक पर लंबे समय से बनी यातायात की समस्या के स्थायी समाधान हेतु लगभग 45 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का टेंडर स्वीकृत हो गया है।

Advertisement

इस रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा और यह रेलवे विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके निर्माण से चंद्रावतीगंज रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम से क्षेत्रवासियों एवं यात्रियों को स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही, आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित होगा।

चंद्रावतीगंज रेलवे ओवरब्रिज के टेंडर की स्वीकृति को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके बनने से रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने के कारण होने वाले यातायात जाम से नागरिकों को राहत मिलेगी। यह परियोजना सिंहस्थ के दौरान इंदौर से उज्जैन एवं अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के आवागमन को भी सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सांसद शंकर लालवानी द्वारा आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए इंदौर एवं आसपास की रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ दिन पूर्व सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के संबंध में इंदौर की रेल अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को उनके समक्ष रखा था।

रेल मंत्री के सकारात्मक सहयोग से इंदौर एवं मालवा क्षेत्र की रेल परियोजनाओं को नई गति मिल रही है।