बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें तकनीक, कला, शिक्षा और रचनात्मक क्षेत्र शामिल हैं। शहर की युवतियां भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर नई पहचान बना रही हैं। उनकी उपलब्धियां केवल इंदौर या मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शहर का नाम रोशन कर रही हैं।
डॉ. राधिका धर्माधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में पाया प्रथम स्थान
डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस सोसाइटी ऑफ फोटो ऑप्टिकल इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में इंदौर की डॉ. राधिका धर्माधिकारी ने पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने विभिन्न देशों के 166 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। यह कांफ्रेंस हर दो साल में एक बार आयोजित की जाती है, जिसमें दुनियाभर से अंतरिक्ष विज्ञान और इससे जुड़े उपकरण बनाने वाले विज्ञानी तथा रिसर्चर्स शामिल होते हैं। डॉ. राधिका धर्माधिकारी ने बताया कि उन्होंने कांफ्रेंस में टेलीस्कोप में लगाए जाने वाले छोटे-छोटे मिरर के नैनोमीटर में किए जाने वाले मेजरमेंट से संबंधित इंस्ट्रूमेंट्स का प्रेजेंटेशन दिया था, जो इन दिनों यूरोप में बनाए जा रहे टेलीस्कोप में उपयोग हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार ने हाल ही में लगभग 10 मीटर के टेलीस्कोप से जुड़े एक नए प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है, जिसमें कांफ्रेंस में प्रस्तुत उनके प्रोजेक्ट का उपयोग किया जाएगा।
दर्शना शर्मा मिशन शक्ति सेट नेशनल फाइनलिस्ट
छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति सेट संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में इंदौर की छात्रा दर्शना शर्मा का चयन मिशन शक्ति सेट नेशनल फाइनलिस्ट 2026 के लिए किया गया है। दर्शना ने लगभग 12 हजार छात्राओं के साथ इस सफर की शुरुआत की थी। नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में जगह बनाने के बाद अब वे वैश्विक शक्तिसेट वर्कशॉप में भाग लेंगी। इस वर्कशॉप में प्रतिभागियों को अंतरिक्ष विज्ञान तकनीक, नवाचार नेतृत्व और वैश्विक सहयोग की दुनिया को समझने का अवसर मिलेगा। यह दस दिवसीय कार्यशाला होगी, जिसमें 108 देशों के प्रतिभागी आएंगे और सैटेलाइट को असेंबल किया जाएगा। इस सैटेलाइट की लॉन्चिंग 11 अक्टूबर को इसरो के माध्यम से की जाएगी।
हर्षिता पाहवा ने मलेशिया में जीता स्वर्ण पदक
मलेशिया में आयोजित रिदम एंड एक्सप्रेशन प्रतियोगिता में हर्षिता पाहवा ने भरतनाट्यम श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले हर्षिता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी विजेता रह चुकी हैं। सितंबर 2025 में आयोजित यह प्रतियोगिता तीन दिन चली, जिसमें अलग-अलग संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन पुणे की अखिल लोककला कल्चरल एसोसिएशन द्वारा किया गया था। इसमें शास्त्रीय नृत्य और संगीत सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। हर्षिता ने भरतनाट्यम की सीनियर कैटेगरी में भाग लिया, जिसमें 20 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हर्षिता ने अपनी प्रस्तुति, भाव-भंगिमा, लय और नृत्य कौशल से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रदेश में 'सरस्वती अभियान'
मध्यप्रदेश में पढ़ाई छोड़ चुकी बेटियों को फिर से स्कूल भेजने के उद्देश्य से ‘सरस्वती अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सरकार पूरा खर्च उठाएगी।

