BREAKING NEWS
2026-07-29

इंदौर में लवकुश चौराहे पर निर्माण कार्य से यातायात बाधित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) द्वारा लवकुश चौराहे पर डबल डेकर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस निर्माण कार्य के चलते सर्विस रोड और ब्रिज के आगे एक पेट्रोल पंप के सामने खुदाई की गई है।
इस खुदाई के कारण सोमवार सुबह चौराहे पर लंबा जाम लग गया। इंदौर से उज्जैन और उज्जैन से इंदौर आवागमन करने वाले बड़ी संख्या में वाहन चालक एक से डेढ़ घंटे तक परेशान होते रहे।
डबल डेकर ब्रिज निर्माण कार्य के चलते औद्योगिक क्षेत्र से लेकर अरविंदो अस्पताल तक सर्विस रोड की स्थिति खराब है। वाहन चालक लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं। सर्विस रोड का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने से सैकड़ों वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
एसीपी जगदीश पटेल के अनुसार, निर्माण एजेंसी ने काकाश्री पेट्रोल पंप के सामने बिना सूचना दिए सड़क की खुदाई कर दी। यातायात विभाग ने निर्माण एजेंसी को पहले ही सूचित किया था कि बिना सूचना दिए कोई खुदाई न की जाए।
अचानक हुई इस खुदाई के कारण सोमवार सुबह यातायात बाधित हो गया, जिससे आवागमन में परेशानी आई।
यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही यातायात विभाग और बाणगंगा थाने की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने आपस में गुत्थमगुत्था हो रहे वाहन चालकों को तुरंत वहां से निकाला।

Advertisement

राजस्व शिविर का आयोजन

राजस्व विभाग द्वारा 29 जुलाई को कनाडिया तहसील स्थित ग्राम बिसनखेड़ा में एक विशेष राजस्व शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन और राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वे मौके पर ही नागरिकों के आवेदन स्वीकार करेंगे और पात्र प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
शिविर में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खसरा-खतौनी एवं बी-1 नक्शे की प्रतिलिपि, भू-राजस्व संबंधी जानकारी, राजस्व वसूली और शिकायतों का निराकरण किया जाएगा।

मेट्रो ट्रैक सुरक्षा उपाय

इंदौर में फ्लाईओवर के नीचे मेट्रो ट्रैक को सुरक्षित रखने के लिए 16 मीटर लंबी प्रोटेक्शन स्क्रीन लगाई जाएगी।