BREAKING NEWS
2026-07-26

निगम की महिला वार्ड प्रभारी रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम की एक महिला वार्ड प्रभारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई भंवरकुआं स्थित डीडी गार्डन के पीछे की गली में की गई।

शिकायतकर्ता आशीष चौधरी ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके पिता की मृत्यु के बाद संबल योजना के तहत स्वीकृत 2 लाख रुपये की राशि दिलाने के बदले में नगर निगम इंदौर के जोन क्रमांक 13 की वार्ड प्रभारी मास्टर कर्मी संध्या पथरोड (पति संदीप पथरोड, उम्र 40 वर्ष) और वार्ड प्रभारी सहायक हरभजन सिंह सलूजा द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

Advertisement

पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त इंदौर राजेश सहाय द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपियों द्वारा 15 हजार रुपये तीन किस्तों में लेना तय हुआ।

इसके बाद निरीक्षक प्रतिभा तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये देकर भेजा गया। जैसे ही आरोपी संध्या पथरोड ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से 5 हजार रुपये की रिश्वत राशि जब्त कर ली गई।

आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) और 61(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में निरीक्षक प्रतिभा तोमर, आरक्षक राकेश मिश्रा, शैलेंद्र सिंह बघेल, मनीष माथुर, आशीष नायडू, आदित्य सिंह भदोरिया और सतीश यादव शामिल थे।

लोकायुक्त संगठन की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि यदि इंदौर में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत लोकायुक्त कार्यालय के नंबर 0731-2533160 या 0731-2430100 पर संपर्क करें।