बुलंद सोच, जबलपुर।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) 15 सितंबर 2026 से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करेगा। इसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और श्रद्धालुओं को एक ही यात्रा में प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराना है।
यह विशेष ट्रेन इंदौर से रवाना होगी और मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों से यात्रियों को लेकर पुरी, गंगासागर, गया, वाराणसी और अयोध्या की 11 दिवसीय धार्मिक यात्रा पर जाएगी।
यात्री इंदौर, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और अनूपपुर सहित प्रदेश के प्रमुख स्टेशनों से ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
10 रात और 11 दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को जगन्नाथ पुरी मंदिर, गंगासागर, विष्णुपद मंदिर (गया), काशी विश्वनाथ धाम (वाराणसी) तथा अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा के दौरान तीर्थ स्थलों तक स्थानीय परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी आईआरसीटीसी की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। इच्छुक श्रद्धालु आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
गुरमखेड़ी स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव निरस्त
पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल के गुरमखेड़ी रेलवे स्टेशन पर आधुनिकीकरण का कार्य चल रहा है। इस वजह से ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जा रहा है।
इसके चलते 24 से 30 जुलाई तक स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। इस अवधि में स्टेशन पर रुकने वाली आठ यात्री ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त रहेगा।
रेलवे के अनुसार, स्टेशन पर सिग्नल एवं अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे, जिससे भविष्य में ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। हालांकि, इस दौरान गुरमखेड़ी स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
प्रभावित होने वाली ट्रेनें 11272 भोपाल–इटारसी एक्सप्रेस (23 से 25 जुलाई), 11271 इटारसी–भोपाल एक्सप्रेस (27 से 29 जुलाई), 11273 इटारसी–प्रयागराज छिवकी एक्सप्रेस (27 से 29 जुलाई), 11274 प्रयागराज छिवकी–इटारसी एक्सप्रेस (23 से 25 जुलाई), 19014 कटनी–भुसावल एक्सप्रेस (24 से 26 जुलाई), 19013 भुसावल–कटनी एक्सप्रेस (27 से 29 जुलाई), 61618 कटनी–इटारसी मेमू स्पेशल (24 से 26 जुलाई) और 61617 इटारसी–कटनी मेमू स्पेशल (27 से 29 जुलाई) हैं।
