BREAKING NEWS
2026-07-29

इटारसी में सियार के हमले से महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों ने सियार को मारा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इटारसी।

इटारसी के समीप ग्राम पंचायत मेहरागांव से सटे नाला मोहल्ला और भगत सिंह नगर में सोमवार रात करीब 10 बजे एक सियार रिहायशी इलाके में घुस आया। रिहायशी इलाके में पहुंचते ही उसने राहगीरों, महिलाओं और बच्चों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

Advertisement

इस हमले में 55 वर्षीय कौशल्या बाई प्रजापति गंभीर रूप से घायल हुईं। सियार ने उनके चेहरे और जबड़े को बुरी तरह नोंच दिया था। उन्हें तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके चेहरे पर करीब 10 टांके लगाए।

इनके अलावा शकील अहमद, महेंद्र साहू, अभय प्रजापति, संजय प्रजापति, सिमरन मौर्य और एक 10 वर्षीय बच्चे सहित करीब एक दर्जन लोग घायल हुए।

शासकीय अस्पताल में उपचार कर रहे डॉ. विकास जैतपुरिया ने बताया कि कौशल्या बाई की गंभीर चोटों पर टांके लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य घायलों के हाथ और पैरों में काटने के घाव हैं। संक्रमण की आशंका को देखते हुए सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ रेबीज के इंजेक्शन भी लगाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना स्थल के पास मेहरागांव पंचायत का जंगल क्षेत्र है। आशंका जताई गई है कि सियार वहीं से भटककर आबादी में पहुंचा था और पहले से संक्रमित था। इस घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने घेराबंदी कर लाठियों से पीट-पीटकर सियार को मार डाला। सियार के मारे जाने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली।