बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के बलदेवबाग ऊखरी रोड स्थित पारस टेंट सप्लायर्स एंड होटलवेयर के गोदाम में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसकी ऊंची लपटें तथा धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
जन प्रतिक्रिया और गोदाम की स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के रहवासी और दुकानदार दहशत में आ गए। कई लोगों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऊखरी रोड पर पारस टेंट के नाम से दुकान और उसके ऊपर गोदाम संचालित है। आग लगने के समय गोदाम में टेंट सामग्री, फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
दमकल और पुलिस कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर निगम के फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर ब्रिगेड अमला छह दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में जुट गया। दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। आसपास के लोगों की भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे।

