बुलंद सोच, जबलपुर।

ग्राम बसेड़ी, बेलखेड़ा थाना क्षेत्र, जबलपुर में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ एक पिता ने अपने चार वर्षीय बेटे प्रेम सिंह की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी।
यह घटना दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित पिता तुलसीराम लोधी (30) को गिरफ्तार कर लिया है।
हथौड़े का वार प्रेम सिंह की दाहिनी आँख के ऊपर सिर में लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और स्वजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
तुलसी के पिता तरवर सिंह ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित तुलसीराम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयोग किया गया हथौड़ा बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक जाँच में पता चला है कि मृतक प्रेम सिंह अक्सर बीमार रहता था। उसका पिता तुलसीराम गाँव में चाय-समोसे की दुकान चलाता था और कुछ दिनों से लगातार किसी न किसी से विवाद कर रहा था।
पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जाँच कर रही है।
सिहोरा में युवक का शव मिला
वहीं दूसरी ओर, सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ा मझगवां स्थित हिरन नदी में बुधवार सुबह अशोक कोल (35) का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
अशोक मंगलवार रात खाना खाने के बाद दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गाड़ा घाट पर उसका शव पानी में उतराते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
स्वजनों ने पुलिस को बताया कि अशोक को मिर्गी के दौरे आते थे। आशंका जताई गई है कि नदी के पास उसे दौरा पड़ा होगा, जिससे वह पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले की भी जाँच शुरू कर दी है।
हाई कोर्ट ने जाँच के दिए आदेश
एक अन्य घटनाक्रम में, हाई कोर्ट ने एक शिक्षक द्वारा वकील बनकर जेल से 300 से अधिक वकालतनामे कराने के मामले में जाँच के आदेश दिए हैं।

