बुलंद सोच, कटनी।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रीठी जनपद पंचायत के ग्राम गोदाना में देर रात एक जहरीले सांप ने घर में सो रहे दादा और उनकी ढाई वर्षीय पोती को डस लिया, जिससे इलाज के दौरान दोनों की मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गोदाना निवासी अशोक चौधरी अपनी ढाई वर्षीय पोती जानकी चौधरी के साथ घर में सो रहे थे। रात लगभग 3 बजे दोनों की चीख सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और लाइट जलाने पर एक जहरीला सांप घर से निकलकर आंगन के रास्ते झाड़ियों की ओर जाता दिखाई दिया।
परिजन तत्काल दोनों को रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान पहले मासूम जानकी और उसके बाद अशोक चौधरी ने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजन प्रहलाद चौधरी ने बताया कि सांप के काटने के बाद पूरे परिवार में अफरातफरी मच गई थी और दोनों को बचाने की हरसंभव कोशिश की गई थी। इस घटना से परिवार की दो पीढ़ियां खत्म हो गईं।
घटना के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिए। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बारिश के मौसम में लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए विशेषज्ञ लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं। विशेषज्ञों ने रात में सोते समय विशेष सतर्कता बरतने, घर के आसपास झाड़ियां और कचरा साफ रखने तथा सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है, ताकि समय पर इलाज मिल सके।
