बुलंद सोच, नरसिंहपुर।
मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम एक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई। हाथीनाला वॉटरफॉल घूमकर लौट रहे छह दोस्त हाईवे किनारे फोटो और सेल्फी ले रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
यह हादसा रविवार शाम जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा के इंदिरा नगर के पास हुआ। सभी युवक जबलपुर जिले के निवासी थे और छुट्टी के दिन हाथीनाला वॉटरफॉल पिकनिक मनाने गए थे। दिनभर घूमने के बाद वे स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे।
रास्ते में प्राकृतिक नज़ारे को कैमरे में कैद करने के लिए उन्होंने अपनी गाड़ी हाईवे किनारे रोक दी और फोटो व सेल्फी लेने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवक सड़क से करीब दो फीट दूर खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे। तभी तेज रफ्तार से आए एक हाईवा ने अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहुंचकर सभी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट दूर जाकर गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे में जबलपुर के पावला निवासी राजेंद्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), नीरज सिंह लोधी (25) और जयपाल सिंह लोधी (30) को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। वहीं, आकाश सिंह लोधी (24) गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शी अरविंद पटेल ने बताया कि वह अपनी दुकान में थे और अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखने पर युवक सड़क पर लहूलुहान पड़े थे और हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय दुकानदार दीपक पटेल ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही युवकों ने अपनी स्कॉर्पियो उनकी दुकान के पास खड़ी की थी। सभी हंसी-मजाक करते हुए फोटो और सेल्फी ले रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही सातधारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि वाहन किस कंपनी या मालिक का है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
