BREAKING NEWS
2026-08-01

खंडवा में नदी के टापू पर फंसे चार युवक सुरक्षित निकाले गए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खंडवा।

खंडवा में नदी किनारे सेल्फी लेना चार युवकों के लिए भारी पड़ गया। पिकनिक मनाने गए चार दोस्त अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच में बने टापू पर फंस गए। यह घटना खंडवा जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर सुक्ता और आबना नदी के संगम पर स्थित हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर हुई। शहर के मेडिकल व्यवसायी हुजेफा हामिद अली अपने साथियों असगर, मुस्तफा और मयंक के साथ वहां घूमने गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और चारों युवक टापू पर फंस गए।

सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। गुरुवार शाम करीब छह बजे युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो पूरी रात चला। हालांकि नदी में तेज बहाव के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके।

Advertisement

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तैनात की। अतिरिक्त सहायता के लिए एनडीआरएफ (NDRF) को भी अलर्ट किया गया।

प्रशासन ने वैकल्पिक योजना के तौर पर हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट की तैयारी भी की थी। इसके लिए रायपुर से हेलीकॉप्टर बुलाया गया था, लेकिन नागपुर पहुंचने तक मौसम खराब होने के कारण उसे वहीं रोकना पड़ा। प्रशासन को उम्मीद थी कि शुक्रवार सुबह हेलीकॉप्टर खंडवा पहुंच जाएगा।

हालांकि, हेलीकॉप्टर के पहुंचने से पहले ही एसडीआरएफ की टीम ने सफल रेस्क्यू कर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर नागार्जुन बी. गोडा ने बताया कि गुरुवार शाम सूचना मिली थी कि चार युवक हांडीकुंडी पिकनिक स्पॉट पर टापू में फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण अभियान में कठिनाई आई।

खंडवा एसपी आगम जैन ने बताया कि जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी था और लोगों से नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई थी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद चार युवक नदी के बीच टापू पर फंस गए। एसपी जैन ने यह भी बताया कि युवकों के पास मोबाइल फोन होने से रेस्क्यू में काफी मदद मिली।